भारतीय किसान संघ ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला से लगाई गुहार-ऐसे तो नहीं मिल पाएगा मुआवजा, अब आप ही दो दखल (विडियो)
एनसीआई@कोटा
भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर उन्हें विभिन्न मांगों से सम्बन्धित मांग पत्र सौंपा। इस पर बिरला ने संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा कर किसानों की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों और विद्युत निगम को साथ बैठाकर हर समस्या का हल किया जाएगा।
भारतीय किसान संघ के सम्भागीय प्रवक्ता आशीष मेहता ने बताया कि सम्भाग भर में फसल खराबे, फसल बीमा, बिजली बिलों की अव्यवस्था तथा मुआवजा राशि बढ़ाने को लेकर मांग पत्र दिया गया था। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष को संघ के प्रदेश महामंत्री कैलाश गेंदोलिया और प्रांत मंत्री जगदीश कलमंडा ने अतिवृष्टि से हुए खराबे के सर्वे में प्रशासन के द्वारा लापरवाही किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन का यही रवैया रहा तो किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाएगा। उनका कहना था कि सम्भाग भर में कम खराबा दिखाकर किसानों का नुकसान किया जा रहा है। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों ने लोकसभा अध्यक्ष से मांग की कि पूर्व में जो मुआवजा 1 हेक्टेयर से बढ़ाकर 2 हेक्टेयर और 9000 से बढ़ाकर 13,500 रुपए किया गया था, उसी के अनुरूप मुआवजे को बढा़ कर सम्पूर्ण फसल का खराबा दिलवाया जाए। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश महामंत्री कैलाश गेंदोलिया, प्रांत उपाध्यक्ष राममूर्ति मीणा, प्रांत मंत्री शंकर लाल नागर, शिवराज पुरी, भारती नागर, जिला अध्यक्ष गिरिराज चौधरी, अमृत छजावा, जिला मंत्री देवीशंकर गुजर, प्रमुख रूप नारायण यादव, तोलाराम सुमन, सम्भाग उपाध्यक्ष जगदीश खाती सहित अन्य सम्भागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
बारां जिले के किसानों ने भी बताई पीड़ा
भारतीय किसान संघ बारां जिले के कार्यकर्ताओं ने भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों से सम्बन्धित ज्ञापन दिया। इसमें बारां जिले में अतिवृष्टि से हुए खराबे के सर्वे में प्रशासन की ओर से लापरवाही किए जाने की बात कही। इन्हें डर था कि प्रशासन के इस रवैया से किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाएगा। इनका कहना था कि बारां जिले में कम खराबा दिखाकर किसानों का नुकसान किया जा रहा है। संघ के प्रतिनिधियों ने लोकसभा अध्यक्ष से कहा कि पूर्व में आप के माध्यम से जो मुआवजा 1 हेक्टेयर से बढ़ाकर 2 हेक्टेयर किया गया था और 9000 से बढ़ाकर 13,500 रुपए किया गया था, इस बार भी उसी प्रकार मुआवजा दिलवाया जाए।
ज्ञापन देने वालों में प्रदेश महामंत्री कैलाश गंदोलिय, प्रांत उपाध्यक्ष राममूर्ति मीणा, प्रांत मंत्री शंकर लाल नागर, जिला अध्यक्ष अमृत छजावा, जिला उपाध्यक्ष बंसीलाल नागर व तोलाराम सुमन, सम्भाग उपाध्यक्ष जगदीश खाती, जिला मंत्री भूपेन्द्र शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण शर्मा, जिला मंत्री देवकिशन नागर, जिला कार्यकारिणी सदस्य रामभरोस बड़ोदिया आदि कार्यकर्ता शामिल थे।
