जयपुर में सेवानिवृत्त एसई की सरेराह गोली मार कर हत्या
एनएचएआई की कंस्टलटेंसी फर्म से जुड़े थे एसई, जयपुर गुरुग्राम हाईवे पर बनने वाले 35 करोड़ के फुट ओवर ब्रिज के सम्बन्ध में हुई बैठक में शामिल होने गुरुग्राम से आए थे
एनसीआई@जयपुर
वैशाली नगर में गुरुवार दोपहर एक रिटायर्ड एसई (अधीक्षण अभियंता) की दो युवकों ने सरेराह गोलीमार कर हत्या कर दी। वारदात एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) कार्यालय के ठीक बाहर हुई। एसई यहां जयपुर-गुरुग्राम हाईवे पर 35 करोड़ लागत से बनने वाले 14 फुट ओवर ब्रिज के सम्बन्ध में हुई बैठक में शामिल होने गुरुग्राम से आए थे। बाहर घात लगाए बैठे दो युवकों ने बैठक से निकलते ही एसई के सिर में गोली मार दी और दोनों अलग-अलग दिशा में पैदल ही भाग छूटे।
घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्यारों की तलाश में पुलिस ने ए श्रेणी की नाकाबंदी की है। एडिशनल कमिश्नर अजयपाल लाम्बा ने बताया कि राजेन्द्र चावला हरियाला पीडब्लूडी से एसई पद से सेवानिवृत्त थे। वे गुरुवार को ही दो व्यक्तियों के साथ कार से गुरुग्राम से जयपुर आए थे।
वैशाली नगर के सेक्टर-डी के 148 प्लॉट स्थित एनएचएआई कार्यालय में बैठक में शामिल हुए। उनके साथ आए दो व्यक्ति कार्यालय कर्मचारियों के साथ किसी साइट पर चले गए थे। बैठक के बाद राजेन्द्र चावला धुम्रपान के लिए कार्यालय के बाहर निकले थे। इसी दौरान वहां पैदल ही आए दो युवकों ने उनके सिर में नजदीक से गोली मार दी। घटना स्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। कुछ दूर एक ज्वैलर के घर पर लगे कैमरे में हत्यारे कैद हुए। जो एक साथ घटना स्थल की ओर जाते दिख रहे हैं। वारदात के बाद उस रास्ते से एक ही युवक भागा था। इससे स्पष्ट है कि दूसरा युवक विपरीत दिशा से फरार हुआ है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे कैमरे तलाश रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हत्यारे किस वाहन से आए थे।
दहशत में लोग, कोई बताने को नहीं तैयार
घटना स्थल से 15-20 कदम दूरी पर एक महिला प्रेस कर रही थी। पुलिस ने उस महिला से वारदात के बारे में जानने की कोशिश की, लेकिन उसने कुछ भी देखने या गोली की आवाज भी सुनने से इनकार कर दिया। यहां से कुछ दूरी पर खड़े एक किशोर ने बस इतना बताया कि उसने एक युवक भागते हुए देखा था।
