March 10, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सास ने सब्जी ठीक से काटने को बोला, गुस्साई बहू ने चाकू से गोद डाला, हो गई मौत

एनसीआई@जयपुर

शहर के भांकरोटा में बहू ने अपनी ही सास की चाकू से हत्या कर दी। बात फकत इतनी सी थी कि 62 साल की मोहनी देवी ने अपनी बहू को ढंग से सब्जी काटने को कहा था। इस बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि जिस चाकू सेे बहू ममता सब्जी काट रही थी, उसी से एक के बाद एक 26 वार कर सास को बुरी तरह से घायल कर दिया। इसके बाद वह सास को तड़पता छोड़ घर से बैग उठा अपने पीहर चली गई। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से मोहनी देवी को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया। यहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, बेटे ने पत्नी के खिलाफ मंगलवार को हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया।

भांकरोटा थानाधिकारी मुकेश चौधरी ने बताया कि सोमवार को ममता देवी और सास मोहिनी देवी (62) के बीच में सब्जी काटने को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच जमकर कहा-सुनी हुई। इस बीच गुस्से में आकर ममता ने चाकू से सास पर हमला कर दिया। चाकू से हाथ-पैर समेत कंधे पर 26 वार किए। इसके बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। पड़ोस के लोग भी दोनों के बीच में कहासुनी सुनकर पहुंच गए।

दोनों के बीच होता था विवाद

जांच में सामने आया कि दोनों के बीच में आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा होता रहता था। इससे पहले भी घर बेचने को लेकर भी विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया था कि बात थाने तक जा पहुंची थी। ममता का पति व सास चाहते थे कि जिस घर में वे रहते हैं उसे बेच दें, जबकि ममता इसका विरोध करती थी।

घटना के दौरान थे बच्चे, उन्हें भी छोड़कर चली गई

ममता की शादी 14 साल पहले हुई थी। उसके एक बेटी और दो बेटे हैं। 12 सााल की बेटी ननिहाल ही रहती है। 8 साल का बेटा दिव्यांग है और एक 4 साल का बेटा और है। इस वारदात के दौरान दोनों बेटे ही घर में ही थे। ममता सास को घायल कर बेटों को छोड़कर पीहर चली गई थी। मंगलवार को सास की मौत के बाद उसके पति ने हत्या का मामला दर्ज करवाया था। इस पर पुलिस ने फोन कर उसे थाने बुलाया और यहां उसे हिरासत में लेकर पूछताछ‌ शुरू ‌‌की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.