इस देश के शिक्षा मंत्री का ऐलान : डिग्री की वेल्यू नहीं, प्रधानमंत्री और मैं भी बिना डिग्री महान
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
अफगानिस्तान में तालिबान ने अपनी अंतरिम सरकार का ऐलान कर दिया। इसमें मुल्ला मुहम्मद हसन अखुंद को प्रधानमंत्री घोषित किया गया है। नई सरकार ने आते ही अपनी नीतियों का ऐलान करना शुरू कर दिया। इसमें नए शिक्षा मंत्री शेख मौलवी नूरल्लाह मुनीर का बड़ा धमाकेदार बयान सामने आया है। वह यह कि, आज के वक्त में पीएचडी या किसी दूसरी मास्टर डिग्री की वैल्यू नहीं है।
अफगानिस्तान के शिक्षा मंत्री शेख मौलवी नूरल्लाह मुनीर ने कहा है कि, आज मुल्ला और तालिबान सरकार में हैं। किसी के पास कोई डिग्री नहीं है, लेकिन फिर भी महान हैं। ऐसे में आज के वक्त में किसी तरह की पीएचडी या मास्टर डिग्री की ज़रूरत नहीं है।
उल्लेखनीय है कि तालिबान ने सत्ता में आते ही कई बदलाव करने शुरू कर दिए हैं। ये बदलाव खासकर शिक्षा के क्षेत्र में किए गए हैं। कॉलेज में लड़के-लड़कियों के बीच में पर्दा डाल दिया गया है। कई जगहों पर लड़कियों को सिर्फ बुजुर्ग या महिलाएं ही पढ़ा रही हैं।
हालांकि, तालिबान ने अपनी सरकार का ऐलान करते हुए लोगों को भरोसा दिलाया है कि देश में इस्लामिक और शरिया कानून के तहत शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा, आधुनिक शिक्षा को भी बल दिया जाएगा। तालिबान ने देश के स्कॉलर्स से किसी भी तरह ना घबराने को कहा है।
तालिबान सरकार में ये भी हैं अहम ओहदेदार
अमेरिकी सेना की वापसी के बाद तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा तो 15 अगस्त को ही कर लिया था, मगर उसकी सरकार का ऐलान 7 सितम्बर को हो सका। इसमें मुल्ला मुहम्मद हसन अखुंद नए प्रधानमंत्री हैं, जबकि मुल्ला अब्दुल गनी व मौलवी अब्दुल सलाम हनफी उप-प्रधानमंत्री बनाए गए हैं।
तालिबान ने मौलवी मोहम्मद याकूब को रक्षा मंत्री, मुल्ला सिराज उद दीन हक्कानी को आंतरिक मामलों का मंत्री व मौलवी अमीर खान मुतक्की को विदेश मंत्री बनाया है। खास बात यह भी है कि तालिबान की कैबिनेट में कई ऐसे नाम हैं, जो संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी आतंकियों की सुची में शामिल हैं। इनमें से कुछ पर तो अमेरिका ने इनाम भी घोषित कर रखा है।
