सीएम घोषित होते ही बीजेपी का चरणजीत सिंह चन्नी पर बड़ा हमला, महिला आईएएस को आपत्तिजनक मैसेज भेजने का लगा था आरोप
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
चरणजीत सिंह चन्नी के कांग्रेस की ओर से पंजाब का मुख्यमंत्री घोषित होते ही बीजेपी आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने उन पर बड़ा हमला किया है। अपने ट्वीट में मालवीय ने चन्नी पर लगे 3 साल पुराने बड़े आरोप को उजागर किया है।
इस ट्वीट में मालवीय ने लिखा है कि, जिस चरणजीत चन्नी को मुख्यमंत्री घोषित किया गया है, उन्होंने 3 साल पहले #Me Too के तहत कार्रवाई का सामना किया था। उन पर वर्ष 2018 में एक महिला आईएएस अधिकारी को आपत्तिजनक ट्वीट भेजने का आरोप लगा था। इस मामले को हालांकि दबा दिया गया था, मगर महिला आयोग के द्वारा उन्हें नोटिस जारी करने से यह मामला उजागर हुआ था। शाबाश राहुल।
पंजाब के वरिष्ठ पत्रकार (ABP News) जगविंदर पटियाल के अनुसार, वास्तव में इस तरह का मामला वर्ष 2018 में सामने आया था। उसे पहले तो मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने उन महिला आईएएस ऑफिसर व चन्नी की आपस में बातचीत करा कर दबाने की कोशिश की थी। इस मामले में कहा गया था कि चन्नी ने उन महिला आईएएस अधिकारी से माफी मांग ली है। मगर पंजाब महिला आयोग ने अमरिंदर सिंह को नोटिस भेज पूछा था कि आपने इस मामले में चन्नी के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की। यही नहीं महिला आयोग ने चन्नी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर धरने की चेतावनी भी दी थी। तब जाकर इस पर बवाल मचा।

