दाऊद गैंग और आईएसआई की साजिश नाकाम: 2 पाकिस्तान प्रशिक्षित सहित 6 आतंकी गिरफ्तार, त्योहारों पर करने थे धमाके
एनसीआई@नई दिल्ली
जांच एजेंसियों ने मंगलवार को पाकिस्तान द्वारा पोषित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 6 लोगों को गिरफ़्तार कर लिया। इसी के साथ देश कई छोटी-बड़ी आतंकी वारदातों से बच गया। पकड़े गए संदिग्ध भारत में इस आतंकी मॉड्यूल को ऑपरेट कर रहे थे। इनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। इनमें से दो ने पाकिस्तान में ट्रेनिंग ली थी। इनसे बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद हुए हैं।
इस आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करने के लिए एजेंसी ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली में छापेमारी की। पाक आधारित आतंकी मॉड्यूल के सदस्य दो पाकिस्तानियों के इशारे पर काम कर रहे थे। उनका मकसद नवरात्र और अन्य त्यौहारों पर आतंकी वारदात करना था।इनके पास आईईडी भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए आतंकियों की उम्र 22 से 43 साल तक बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के स्पेशल सीपी नीरज ठाकुर ने बताया कि इस आतंकी मॉड्यूल का कनेक्शन डी कम्पनी से होना सामने आया है। दाऊद का भाई अनीस इस टेरर मॉड्यूल को आईएसआई की सरपरस्ती में संचालित कर रहा था। यह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल का मल्टी स्टेट ऑपरेशन था।
स्पेशल सीपी नीरज ठाकुर के अनुसार खुफिया एजेंसियों से इस आतंकी मॉड्यूल की जानकारी मिली थी। जांच में पता चला कि इनका नेटवर्क कई राज्यो में फैला हुआ है। महाराष्ट्र का रहने वाला एक आतंकी राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया है। वहीं 3 संदिग्ध आतंकियों को यूपी एटीएस की मदद से गिरफ्तार किया गया, जबकि दो संदिग्ध दिल्ली से पकड़े गए। इनमें से 2 को मस्कट ले जाया गया था, फिर वहां से बोट के जरिए इन्हें पाकिस्तान ले जाया गया।
आरोपियों ने हुई पूछताछ में पता चला कि वहां इनके साथ बांग्ला भाषी 14 और लोग भी थे। उन्हें एक फार्म हाउस में हथियारों की ट्रेनिंग दी गई। पता चला कि अनीस इब्राहिम एक टीम को लीड कर रहा था। उसका काम फंडिंग का था। पकड़ा गया एक आरोपी लाला अंडरवर्ल्ड का आदमी है।
आतंकियों ने 2 टीम बनाई थी। दूसरी टीम का काम भारत में त्योहारों के मौके पर देश भर में ब्लास्ट के लिए शहरों को चिह्नित करना था। स्पेशल सीपी नीरज ने आगे बताया कि उन्हें इनपुट मिला था, जिससे पता चला था कि भारत के कुछ हिस्सों में आतंकी घटना होने वाली हैं। टेक्निकल सर्विलांस के जरिये कन्फर्म किया गया कि ऐसी साजिश रची जा रही है। जिन दो लोगों को पाकिस्तान ले जाया गया था, उन्हें 15 दिन की ट्रेनिंग दी गई थी।
स्पेशल सीपी नीरज ठाकुर के अनुसार पाकिस्तान की ट्रेनिंग के बारे बहुत जानकारी मिली है, जिसे सेन्ट्रल एजेंसी के साथ भी साझा किया जाएगा। नीरज ठाकुर के मुताबिक फेस्टीवल सीजन में जगह-जगह ब्लास्ट करवाना इनकी मुख्य साजिश थी। इसमें रामलीला और नवरात्र इनके टारगेट पर थे।
