छत पर खेल रही 11 वर्षीय बालिका से पड़ोसी युवक ने किया दुष्कर्म
एनसीआई@जयपुर
राजधानी जयपुर के सांगानेर में अपने घर की छत पर खेल रही एक 11 वर्षीय बच्ची से उसके पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म किया। दो दिन तक घर में डरी-सहमी रही बच्ची ने बाद में मां के बहुत पूछने पर इस बात की जानकारी दी। तब गुरुवार को परिवार ने सांगानेर थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
इस बच्ची के पिता के अनुसार, दो दिन से उनकी बच्ची घर में डरी सहमी हुई थी। वह न तो कुछ खा रही थी, ना ही किसी से कुछ बोल रही थी। इस पर उसकी मां ने उससे प्यार से पूछा तब उसने बताया कि वह 6 सितम्बर की शाम करीब 4 बजे घर की छत पर अकेली खेल रही थी। तब पड़ोस में रहने वाला मनीष भी छत पर आ गया। उसने वहीं उसे पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। डरा-धमकाकर उसे नीचे गिरा दिया। इस पर वह चिल्लाने लगी तो उसका मुंह बंद कर दिया, और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसी के साथ किसी को इस बात की जानकारी देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इससे डरी-सहमी बच्ची ने परिवार में किसी को कुछ नहीं बताया। वहीं उसके पेट में दर्द रहने लगा। परिवार ने जब उसका इलाज कराने की बात कही, उस दौरान ही मामले का खुलासा हुआ। आरोपी युवक बालिग है और उनके पड़ोस में ही किराए से रहता है। वह पढ़ाई कर रहा है। वह मूल रूप से कहां का निवासी है, इसकी अभी जानकारी नहीं मिल पाई थी। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
