टीवी सीरियल्स के सुपरस्टार सिद्धार्थ शुक्ला का निधन, बिग बॉस विजेता भी रहे, 40 की उम्र में ही छोड़ गए दुनिया
एनसीआई@मुम्बई
टीवी सीरियल्स के सुपर स्टार सिद्धार्थ शुक्ला का आज गुरुवार को निधन हो गया। यह खबर उनके फैंस के लिए एक झटके के रूप में आई, क्योंकि उन्होंने हाल ही में रियलिटी शो बिग बॉस ओटीटी और डांस दीवाने 3 में शहनाज गिल के साथ अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई थी। वह फकत 40 साल की उम्र में ही दुनिया छोड़ गए।
सिद्धार्थ को ‘बालिका वधू’ और ‘दिल से दिल तक’ जैसे काल्पनिक सीरियल्स और ‘झलक दिखला जा 6’, ‘फियर फेक्टर: खतरों के खिलाड़ी’ और ‘बिग बॉस 13’ जैसे रियलिटी शो में उनकी भूमिकाओं के लिए जाना जाता है।
पीटीआई के अनुसार, पता चला है कि शुक्ला को सुबह दिल का जोरदार दौरा पड़ा। उनके परिवार में मां और दो बहनें हैं। कूपर अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ”उन्हें मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।”
ऐसा रहा उनका करियर
शुक्ला ने एक मॉडल के रूप में शोबिज में अपना करियर शुरू किया और टेलीविजन शो ‘बाबुल का आंगन छूटे ना’ में मुख्य भूमिका के साथ अभिनय की शुरुआत की। बाद में वह ‘जाने पहचाने से, ये अजनबी’, ‘लव यू जिंदगी’ जैसे शो में दिखाई दिए, लेकिन ‘बालिका वधू’ के साथ वह घर घर में पहचाने जाने लगे।
बिग बॉस 13 के विजेता सिद्धार्थ शोबिज का एक लोकप्रिय चेहरा थे और ‘हम्प्टी शर्मा के दुल्हनिया’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। अभिनेता को आखिरी बार एकता कपूर के लोकप्रिय सीरीज ‘ब्रोकन बट ब्यूटीफुल 3’ में देखा गया था जिसमें उन्होंने ‘अगस्त्य’ की भूमिका निभाई थी।
रात में भी की थी सीने में दर्द की शिकायत
सिद्धार्थ शुक्ला ने रात में सीने में दर्द की शिकायत थी। इस दौरान उन्होंने उनकी मां को भी बुलाया, उस वक्त तो वह पानी पीने के बाद सोने चले गए थे। अस्पताल में आने से पहले सिद्धार्थ को एक डॉक्टर को दिखाया गया था। उन्होंने उन्हें तुरंत अस्पताल में शिफ्ट करने की सलाह दी थी, क्योंकि उस दौरान सिद्धार्थ की पल्स नहीं मिल रही थी।
पुलिस कर रही है हर एंगल से जांच
इधर, पुलिस हाई प्रोफाइल इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस की टीम सिद्धार्थ शुक्ला के घर घंटों तक रही। परिवार वालों के बयान लिए। ओशिवारा थाने की टीम ने सिद्धार्थ के पड़ोसियों से भी पूछताछ की। सिद्धार्थ के परिवार ने किसी फाउल प्ले से इनकार किया है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि मौत की वजह अभी साफ नहीं है।
किया जा रहा है सिद्धार्थ शुक्ला का पोस्ट मॉर्टम
सिद्धार्थ शुक्ला के शव का कूपर अस्पताल में पोस्ट मॉर्टम किया जा रहा है। पोस्ट मॉर्टम की प्रक्रिया में एक से डेढ़ का वक्त लग सकता है। पोस्ट मॉर्टम की वीडियोग्राफी भी की जा रही है।
मुम्बई पुलिस के मुताबिक, अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला के शरीर पर कोई चोट नहीं है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उल्लेखनीय है कि उनके शव की दो बार चांज की गई है।
किसी मानसिक दबाव के बारे में परिवार का आया यह बयान
सिद्धार्थ शुक्ला के परिवार ने मुम्बई पुलिस से कहा है कि उन्हें उनके निधन को लेकर किसी पर शक नही हैं। परिवार वालों ने ‘मानसिक दबाव’ के कारण निधन की बात का भी खंडन किया है। शुक्ला का परिवार नहीं चाहता है कि उनके निधन को लेकर किसी तरह की अफवाहें उड़ें।
