December 12, 2025

News Chakra India

Never Compromise

रोडवेज की बसों में 5 दिन आसान नहीं होगा आम आदमी का सफर, साधारण और एक्सप्रेस बसों में अग्रिम बुक किए गए टिकट निरस्त

एनसीआई@जयपुर

रीट भर्ती परीक्षा (REET Exam-2021) को देखते हुये राजस्थान रोडवेज (Rajasthan Roadways) ने 24 से 28 सितम्बर तक ऑनलाइन रिजर्वेशन बंद कर दिया है। ऐसे में आम यात्री अब इन 5 दिन रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में अग्रिम आरक्षण नहीं करा सकेंगे। वहीं, जिन यात्रियों ने आदेश जारी होने से पहले बसों में अग्रिम आरक्षण करवा लिया है, उनकी भी सीटों को निरस्त कर दिया गया है। उनकी राशि के रिफंड की व्यवस्था की जा रही है। रोडवेज सीएमडी संदीप वर्मा ने रीट अभ्यर्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया है। रीट के अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार की पूर्व की घोषणा के अनुसार रोडवेज में यात्रा फ्री रहेगी।

रीट के अभ्यर्थियों को नि:शुल्क यात्रा की छूट 11 दिन के लिए प्रदान की गई है. 26 सितम्बर को होने वाली रीट भर्ती परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने करीब साढ़े 16 लाख अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए हैं। परीक्षा को लेकर प्रदेश के 200 छोटे बड़े शहरों में 4 हजार से ज्यादा सेंटर बनाए गए हैं। इन परीक्षा सेंटर्स पर पहुंचने और परीक्षा के बाद घर जाने के लिए रीट अभ्यर्थी 20 सितम्बर से 30 सितम्बर तक रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकते हैं। यह इसलिए किया गया है ताकि रोडवेज पर सभी अभ्यर्थियों का लोड एक ही दिन में नहीं आए। हालांकि इस दौरान आम यात्री भी बस में यात्रा कर सकता है, लेकिन अभ्यर्थियों की भीड़ अधिक होने से उसे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

इन बसों में कर सकेंगे आम यात्री सफर

रीट अभ्यर्थियों की भीड़ के चलते आमजन के लिए साधारण और एक्सप्रेस बसों में यात्रा करना आसान नहीं होगा, लेकिन रोडवेज की डीलक्स, एसी और सुपर लग्जरी बसों में आम यात्री अग्रिम आरक्षण भी करा सकते हैं और आराम से यात्रा भी कर सकते हैं। क्योंकि इन श्रेणी की बसों में रीट अभ्यर्थियों को निःशुल्क यात्रा देय नहीं है। हालांकि इसके लिए आमजन को साधारण और एक्सप्रेस बसों से अधिक किराया राशि का भुगतान करना होगा। उल्लेखनीय है कि राजस्थान में हाल ही में पुलिस के लिए हुई सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के दौरान भी आम आदमी को रोडवेज में सफर करने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.