December 5, 2025

News Chakra India

Never Compromise

आर्यन खान क्रूज ड्रग्स पार्टी केस: एक हलफनामे ने कर दिया धमाका, एनसीबी पर बड़े सवाल

आर्यन खान क्रूज ड्रग्स पार्टी केस:  एक हलफनामे ने कर दिया धमाका, एनसीबी पर बड़े सवाल

एनसीआई@मुम्बई/सेन्ट्रल डेस्क

आर्यन खान से जुड़े क्रूज ड्रग्स पार्टी केस में एनसीबी के गवाह केपी गोसावी के बॉडीगार्ड प्रभाकर सैल ने एक हलफनामा देकर एनसीबी पर कई बेहद गम्भीर आरोप लगा‌ धमाका कर दिया है। प्रभाकर का आरोप है कि उसने गोसावी को 25 करोड़ की डील की बात करते सुना। प्रभाकर ने ये भी दावा किया उसने गोसावी को शाहरुख की मैनेजर से बात करते देखा। मर्सिडीज कार में पूजा डडलानी और गोसावी ने बात की।

प्रभाकर का यह भी आरोप है कि उसे गोसावी ने 50 लाख कैश कलेक्ट करने के लिए भेजा था। इस मामले में प्रभाकर सैल भी गवाह है। उसने अपने एफिडेविट में उससे 10 ब्लेंक पेपर पर दस्तखत कराने का भी दावा किया है। प्रभाकर की इस गवाही के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या वाकई शाहरुख खान से 25 करोड़ रुपए मांगे गए थे।

इस हलफनामे में चौथे पेज के आखिरी पैराग्राफ में प्रभाकर सैल के हवाले से लिखा गया है-केपी गोसावी फोन पर सैम से बात कर रहे थे और कह रहे थे कि तुमने 25 करोड़ का बम रख दिया है और इसे 18 करोड़ पर फाइनल सेटल करते हैं। क्योंकि हमें 8 करोड़ समीर वानखेड़े को देने हैं।

वहीं, हलफनामे में पांचवें पेज के पहले पैराग्राफ में प्रभाकर सैल के हवाले से लिखा गया है-

कुछ मिनटों के बाद एक ब्लू रंग की मर्सिडीज वहां पहुंची और मैंने देखा उस कार में पूजा डडलानी आईं। सैम, केपी गोसावी और पूजा डडलानी उस मर्सिडीज में बैठ गईं और बातें करने लगे। तब हम सभी 15 मिनट बाद वहां से निकल गए..केपी गोसावी और मैं खुद मंत्रालय पहुंचा..केपी गोसावी ने किसी से बात की और फिर वाशी निकल गए। हम वाशी पहुंचे और फौरन केपी ने मुझसे कहा कि इनोवा कार लो और इंडियाना होटल के करीब तारदेव सिगनल पर पहुंचकर 50 लाख कैश कलेक्ट करो..मैं सुबह करीब 9.45 पर उस जगह पहुंचा, जहां 5102 नम्बर की सफेद रंग की कार आई और मुझे कैश से भरे दो बैग दिए..जिसे मैं उनके घर वाशी लेकर पहुंचा और किरण गोसावी को दे दिया।

एनसीबी चीफ समीर वानखेड़े की इस हलफनामे पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि गोसावी फरार चल रहा है।

संजय राउत ने यह कहा

इस हलफनामे के सम्बन्ध में संजय राउत ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘आर्यन खान मामले में एनसीबी द्वारा कोरे कागज पर दस्तखत करने के लिए गवाह बनाए गए। ये हैरान करने वाले हैं। इसके अलावा उन रिपोर्टों के माध्यम से जो भारी धन की मांग के कारण हैं।

उल्लेखनीय है कि राउत ने ट्वीट के साथ जो वीडियो शेयर किया है, उसमें किरण गोसावी और आर्यन खान अगल-बगल में बैठे हैं। गोसावी मोबाइल फोन पर आर्यन की किसी से बात करा रहे हैं। बातचीत किससे हो रही है? बात क्या हो रही है? ये साफ नहीं है। लेकिन ये वीडियो अपने आप में कई सवाल खड़े करता है।

एनसीबी अपनी जांच का दायरा बढ़ाएगा

एनसीबी के सूत्रों ने शनिवार को कहा कि, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने 2 अक्टूबर को जिस कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर ड्रग्स पार्टी का भंडाफोड़ किया था, इस मामले की जांच के कुछ महत्वपूर्ण सम्बंध अन्य राज्यों से भी हैं। जांच एजेंसी जल्द ही इसकी जांच के लिए अन्य राज्यों में जा सकती है।

दूसरी ओर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने दो दिन अभिनेत्री अनन्या पांडे से पूछताछ की और सोमवार को फिर से उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके साथ ही आर्यन खान सहित सभी 20 आरोपियों की बैंक डिटेल्स की जांच जारी हैं। ड्रग्स खरीदने के लिए आरोपी नम्बर 1 आर्यन खान ने कभी पैसे अपने अकाउंट से दिए है या नहीं इसकी जांच एनसीबी कर रही है।

एनसीबी का कहना है कि अनन्या से पूछताछ में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, अगर जरूरत पड़ी तो कुछ नए चैट्स हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान जज को दिखाएंगे। इस केस से जुड़े 5 से 7 नए ड्रग्स पेडलर्स की डिटेल्स हमारे हाथ लगी है,अन्य राज्यों से ड्रग्स महाराष्ट्र में आने के सबूत हाथ लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.