जयपुर के नामी ज्वेलर ने मुम्बई से बिना बिल मंगवाए 2 करोड़ के जेवर, सेल्स टेक्स डिपार्टमेंट ने एयरपोर्ट पर पकड़ा
एनसीआई@जयपुर
सेल टेक्स डिपार्टमेंट ने जयपुर एयरपोर्ट पर 2 करोड़ रुपए के सोने और महंगे स्टोन से बनी ज्वेलरी जब्त की है। यह ज्वेलरी मुम्बई से इंडिगो की फ्लाइट में जयपुर लाई गई थी। खुफिया सूचना के आधार पर एंटीइवेजन ब्रांच ने शुक्रवार को यह कार्रवाई की। जब्त की गई ज्वेलरी बिना बिल लाई गई थी।
सेल टेक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि मुम्बई से जयपुर आने वाली इंडिगो फ्लाइट में एक ऐसा कंसाइनमेंट बुक हुआ है, जिस्म सोने की ज्वेलरी और प्रेशियस स्टोन हैं। इसमें कुछ ज्वेलरी बिना बिल के भी लाए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने फ्लाइट के जयपुर पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट पर मोर्चा सम्भाल लिया था। इस फ्लाइट से आए कंसानमेंट की टीम ने जांच की तो सूचना सही निकली। इसमें जयपुर के कई नामी ज्वेलर्स का माल बिना बिल के पाया गया। इसे जब्त कर लिया गया।
विभाग अब बिना बिल के लाई गई इस ज्वेलरी और प्रेशियस स्टोन स्टोन पर टेक्स और उस पर जुर्माना भी वसूलेगा। इस जब्त की गई ज्वेलरी के सीजर मेमो के आधार पर इसकी दो करोड़ रुपए कीमत आंकी गई है। इसके आधार पर अब टेक्स और जुर्माने का आकलन किया जा रहा है। टेक्स और जुर्माना वसूलने के बाद इस कंसानमेंट को तय प्रक्रिया अपनाकर छोड़ा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दिवाली के आसपास सोने-चांदी और प्रेशियस स्टोन का कारोबार बढ़ जाता है। इस दौरान कई ज्वेलर बिना दस्तावेजों के ही ज्वेलरी और प्रेशियस स्टोन मंगवाते हैं। इसी के मद्देनजर सेल्स टेक्स कमिश्नर रवि जैन ने निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए थे।
