भारत ने रचा स्वर्णिम इतिहास: कोरोना के खिलाफ जंग में 100 करोड़ वेक्सिनेशन का आंकड़ा पार
एनसीआई@नई दिल्ली
कोरोना महामारी के खिलाफ भारत ने आज एक नई इबारत लिख दी है।आज भारत ने कोरोना वेक्सीन की 100 करोड़ डोज के आंकड़े को पार कर लिया है। इस बड़ी उपलब्धि पर देश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में पहुंचकर सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर इस उपलब्धि को भारतीय विज्ञान की जीत बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, मैं उन सभी को बधाई देता हूं, जो कोरोना की वेक्सीन लेकर प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के साथ जुड़े और भारत को कोरोना मुक्त होने की परिकल्पना को साकार करने में मदद की।
केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा, महामारी के इस दौर में जिस तरह से लोगों ने अनुशासन रखा, कोरोना के सारे दिशा-निर्देशों का पालन किया और अपनी इच्छाशक्ति, आत्मशक्ति और अपने विश्वास को बनाए रखा उसी का परिणाम है कि आज देश ने 100 करोड़ कोविड-19 वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार किया है।
डॉ. पूनम खेत्रपाल सिंह (रीजनल डायरेक्टर, WHO साउथ ईस्ट-एशिया) ने 100 करोड़ वेक्सीनेशन का आंकड़ा पार करने पर भारत को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘एक और मील का पत्थर साबित करने के लिए भारत को बधाई।’
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वीके पॉल ने कोरोना वेक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े को पार करने पर भारत के लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के लिए 100 करोड़ खुराक के आंकड़े तक पहुंचना बहुत बड़ी उपलब्धि है। भारत ने टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होने के बाद से केवल 9 महीनों में यह उपलब्धि हासिल कर ली है।
