झालावाड़: युवती की हत्या के बाद तीसरे दिन भी गांव में तनाव बरकरार, पुलिस तैनात
एनसीआई@झालावाड़
पिड़ावा थाना क्षेत्र के बाकीपुरा गांव की निवासी 18 वर्षीय पूजा मेहर की शुक्रवार को हुई हत्या के बाद तीसरे दिन रविवार को भी गांव में सन्नाटा छाया रहा। आरोपी के मुस्लिम होने से तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है। पिड़ावा कस्बे में भी जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात रहे। पूजा के मां-बाप का रो रोकर बुरा हाल है। उसकी मां मांगीबाई रोते बिलखते हुए कहे जा रही थी…. मजदूरी करके बच्ची को पढ़ा रहे थे। मेरी सबसे छोटी बेटी पूजा को बेहरमी से मार डाला। दीपावली पर अच्छे घर परिवार में उसका रिश्ता करके विदाई की तैयारी कर रहे थे।

पूजा पढ़ाई में बहुत तेज थी। वह पिड़ावा के राजकीय महाविद्यालय में बीए सेकंड ईयर की छात्रा थी। परिवार ने उसे पढ़ा-लिखाकर बड़ा बनाने का सपना संजोया था, लेकिन गांव के ही निवासी जुबेर ने एकतरफा प्यार के चक्कर में उसे मार डाला। मां-बाप सहित सभी परिजन उस दरिंदे जुबेर को फांसी की सजा देने मांग कर रहे हैं। पुलिस उपाधीक्षक धन्नाराम चौधरी ने बताया कि बाकीपुरा निवासी युवती पूजा मेहर की हत्या के आरोपी जुबेर पुत्र जमील (22) को एससी एसटी न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायालय ने दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया।
यह है पूरा मामला
उल्लेखनीय है कि झालावाड़ जिले के पिड़ावा के बाकीपुरा गांव में एक तरफा प्रेम प्रसंग के चलते शुक्रवार सुबह खेत में काम करने गई दलित युवती पूजा मेहर (18) की जुबेर ने धारदार हथियारों से हमला कर नृशंस हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने पिड़ावा थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया था।
वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण कंग सिद्धू सहित छह थानों के अधिकारी और जाब्ता मौके पर पहुंच गए थे। एहतियातन गांव में भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने पूजा का शव बरामद कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा। एसपी किरण कंग सिद्धू के अनुसार पूजा मेहर ने एक माह से आरोपी से बातचीत करनी बंद कर रखी थी। इससे वह नाराज था। जुबेर को पूजा के परिजनों ने समझाया भी था। पूजा शुक्रवार को गांव की महिलाओं के साथ महावीर दांगी के खेत पर सोयाबीन काटने गई थी। वहीं से जुबेर ने उसे बात करने के बहाने बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पूजा के पिता की ओर से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस उपाधीक्षक धन्नालाल चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी पिड़ावा, सुनेल, रायपुर आदि के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की। सहायक पुलिस अधीक्षक अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि मामले में शीघ्र चालान पेश कर प्रकरण को केस ऑफिसर स्कीम में लिया जाएगा। गांव में चर्चा है कि जुबेर पूजा को काफी समय से परेशान कर रहा था।
