राजस्थान में 30 नए पशु चिकित्सा उप केन्द्र खोलने व 43 की क्रमोन्नति के आदेश जारी
एनसीआई@जयपुर
राज्य सरकार ने प्रदेश में पशु चिकित्सा संस्था विहीन ग्राम पंचायतों में 30 नवीन पशु चिकित्सा उप केन्द्र खोलने एवं 43 पशु चिकित्सा उप केन्द्रों को पशु चिकित्सालयों में क्रमोन्नत करने की स्वीकृति जारी की है।
पशुपालन मंत्री लालचन्द कटारिया ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के लिए सतत प्रयासरत है। इसी के तहत मुख्यमंत्री की बजट घोषणा की अनुपालना में विभिन्न जिलों में 30 नवीन पशु चिकित्सा उप केन्द्र खोलने एवं 43 पशु चिकित्सा उप केन्द्रों को पशु चिकित्सालयों में क्रमोन्नत करने की स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने बताया कि नए केन्द्र खुलने से पशुपालकों को अपने नजदीक ही बेहतर चिकित्सा सेवाएं एवं विभागीय योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सकेगा। साथ ही उप केन्द्रों के पशु चिकित्सालयों में क्रमोन्नत होने से वहां पशु चिकित्सा अधिकारी की सेवाएं मिल सकेंगी और पशु शल्य चिकित्सा सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
पशुपालन विभाग की शासन सचिव डॉ. आरुषि मलिक ने जिलावार जानकारी देते हुए बताया कि इस आदेश के तहत जयपुर जिले में 6, बांसवाड़ा, हनुमानगढ़ व नागौर में 3-3, जैसलमेर, चूरू, भरतपुर व चित्तौड़गढ़ में 2-2 तथा अजमेर, बूंदी, भीलवाड़ा, दौसा, कोटा, श्रीगंगानगर व बीकानेर में एक-एक नए पशु चिकित्सा उप केन्द्र मंजूर किए गए हैं। इसी प्रकार जयपुर जिले में 12, नागौर में 5, हनुमानगढ़ में 4, चुरू में 3, अजमेर, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, श्रीगंगानगर व जोधपुर में 2-2 तथा बूंदी, जालोर, राजसमन्द, सवाई माधोपुर, झुंझुनूं, दौसा, पाली, टोंक एवं सीकर जिले में एक-एक उप केन्द्र को पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया गया है।
जयपुर जिले में यहां खुलेंगे नए उप केन्द्र
डॉ.मलिक ने बताया कि जयपुर जिले में सुल्तानिया (फागी), गुढ़ा सर्जन (जालसू), टसकोला (पावटा), खेड़ीराम (सांभर), उदावाला (शाहपुरा) एवं रायपुर (आंधी) में नवीन पशु चिकित्सा उप केन्द्र स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार ठिकरिया (सांगानेर), नयाबास (शाहपुरा), चांदमाकलां एवं मंडावरी (फागी), गदड़ी (किशनगढ़-रेनवाल), श्योसिंहपुरा (झोटवाड़ा), जयरामपुरा, बिहारीपुरा व रायथल (जालसू), डेहरा व मुरलीपुरा (जोबनेर) तथा पचकोड़िया (सांभर लेक) उप केन्द्रों को क्रमोन्नत किया गया है।
