December 5, 2025

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: भंवरी कांड के मुख्य आरोपी और पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का निधन, कुछ दिन पहले ही मिली थी जमानत

राजस्थान: भंवरी कांड के मुख्य आरोपी और पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का निधन, कुछ दिन पहले ही मिली थी जमानत

एनसीआई@जोधपुर

राजस्थान के पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का रविवार सुबह निधन हो गया। 69 वर्षीय मदेरणा केंसर से पीड़ित थे। उनका नाम जोधपुर जिले की एएनएम भंवरी देवी के किडनेपिंग और मर्डर केस में सुर्खियों में आया था। उस वक्त मदेरणा राजस्थान के जल-संसाधन मंत्री थे। बाद में इसी केस के चलते उन्हें अपने पद से हाथ धोना पड़ा था। भंवरी देवी केस में मदेरणा को दस साल की जेल भुगतनी पड़ी थी। कुछ वक्त पहले ही उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली थी।

मुंह के केंसर से थे पीड़ित

मदेरणा पिछले काफी समय से मुंह के केंसर से पीड़ित थे। बाद में उन्हें कोरोना भी हो गया था। हालांकि उन्होंने कोरोना को मात दे दी थी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनकी अंतिम यात्रा जोधपुर स्थित निवास से शुरू होकर पैतृक गांव चाडी के लिए जाएगी। वहां शाम करीब चार बजे उनके पिता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय परसराम मदेरणा की समाधि के पास ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

फंसे थे भंवरी देवी कांड में

सितम्बर 2011 में भंवरी देवी कांड ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। उस वक्त कांग्रेस नेता महिपाल मदेरणा अशोक गहलोत सरकार में जल संसाधन मंत्री थे। बाद में भंवरी देवी के साथ उनकी सीडी सामने आने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था, पार्टी से भी निष्कासित कर दिया गया था। इस केस के बाद से ही मदेरणा लगातार जेल में थे। वहीं मदेरणा की मौत पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त की है।

ऐसा रहा राजनीतिक करियर

महिपाल राजस्थान के दिग्गज कांग्रेस नेता परसराम मदेरणा के बेटे थे। जोधपुर में उनकी राजनीतिक पकड़ खासी मजबूत रही है। उनकी फेमिली में उनकी पत्नी लीला मदेरणा और दो बेटियां हैं। मदेरणा की पत्नी फिलहाल जोधपुर की जिला प्रमुख हैं। वहीं उनकी एक बेटी दिव्या ओसियां से विधायक हैं। महिपाल मदेरणा खुद 19 साल तक जोधपुर के जिला प्रमुख रहे। वह दो बार ओसियां से विधायक चुने गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.