सूदखोर से परेशान युवक ने ट्रेन के आगे आकर दी जान
एनसीआई@जयपुर
राजस्थानी के एक युवक ने सूदखोरों से परेशान होकर ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सूदखोर लगातार युवक को फोन कर धमकी दे रहा था। रुपए देने का दबाव बना रहा था। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें उसने एक व्यक्ति पर रुपए मांग कर बिना वजह परेशान करने का आरोप लगाया है। मृतक के परिजनों ने इस सुसाइड नोट के आधार पर मामला दर्ज कराया है।
मृतक महावीर सिंह सिरसी रोड, कमला नगर का निवासी था। इस हादसे की सूचना पाकर करधनी पुलिस मौके पर पहुंची। महावीर सिंह ने कुछ समय पहले प्रताप सिंह चौधरी से कुछ रुपए उधार लिए थे, जिसे वह ब्याज के साथ वापस लौटा चुका था। इसके बावजूद भी प्रताप सिंह लगातार उसे फोन कर दबाव बना रहा था। प्रताप सिंह ने उस पर ब्याज लगाकर काफी रुपए निकाल दिए थे, और उसे धमकी दे रहा था।
प्रताप सिंह शुक्रवार को भी उसके घर पर आया था और रुपए देने के लिए धमकी देकर गया था। उसे फोन करके भी रुपए देने की बात कहीं थी। इससे महावीर सिंह काफी परेशान हो गया था। धमकियों से दबाव में आकर वह शनिवार को घर से निकला। कुछ समय बाद रेलवे ट्रेक के पास एक शव पड़ा होने की सूचना मिली। उसकी जेब से मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने करधनी थाने में सूदखोर प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अभी यह पता नहीं लगा है कि महावीर सिंह ने उससे कितने रुपए उधार ले रखे थे और इसके बदले वहां कितने रुपए लौटा चुका था। आरोपी प्रताप सिंह फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
