December 14, 2025

News Chakra India

Never Compromise

बीजेपी नेता ने नवाब मलिक पर किया पलटवार, लगाए सनसनीखेज आरोप

बीजेपी नेता ने नवाब मलिक पर किया पलटवार, लगाए सनसनीखेज आरोप

एनसीआई@मुम्बई

मुम्बई क्रूज ड्रग्स केस में बीजेपी नेता मोहित कम्बोज ने महाराष्ट्र सरकार और राकांपा नेता नवाब मलिक पर बेहद ही सनसनीखेज आरोप लगाया है। मोहित कम्बोज ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार के कई मंत्री शाहरुख खान से वसूली की फिराक में थे। कई मंत्री शाहरुख खान के बेटे की गिरफ्तारी के बाद लॉबिंग में लगे थे। जांच एजेंसी उन मंत्रियों के नाम का खुलासा करे और बताए कि क्या मंत्री ब्लेकमेलिंग का रैकेट चला रहे थे। मोहित कम्बोज ने पूछा है कि सुनील पाटिल के साथ नवाब मलिक के क्या रिश्ते हैं और नवाब मलिक सुनील पाटिल के साथ ललित होटल में क्या करने जाते थे। मोहित कम्बोज के मुताबिक सुनील पाटिल क्रूज ड्रग्स मामले की पूरी साजिश से जुड़ा है।

मोहित कम्बोज ने पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के बेटे ऋषिकेश देशमुख पर भी गम्भीर आरोप लगाए हैं। मोहित ने पूछा कि अनिल देशमुख का बेटा ऋषिकेश देशमुख ललित होटल क्यों जाता था?

बीजेपी नेता के आरोपों पर जवाब देंगे नवाब मलिक

वहीं, बीजेपी नेता के आरोपों पर नवाब मलिक कल जवाब देंगे। नवाब मलिक ने कहा है कि समीर वानखेड़े की प्राइवेट आर्मी उन पर झूठे आरोप लगा रही है। वो कल सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और मोहित कम्बोज के लगाए आरोपों पर जवाब देंगे।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने कहा था कि वो दिवाली के बाद नवाब मलिक के अंडरवर्ल्ड से रिश्तों पर बड़ा खुलासा करेंगे। आज देवेन्द्र फड़णवीस तो नहीं बल्कि बीजेपी नेता मोहित कम्बोज़ ने मुम्बई प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और नवाब मलिक पर आरोप लगाया।

नवाब मलिक पर किया है 100 करोड़ की मानहानि का केस

इससे पहले नवाब मलिक ने मोहित कम्बोज पर ये आरोप लगाया था कि क्रूज़ रेव पार्टी मामले में उनके साले ऋषि सचदेवा को भी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अपनी हिरासत में लिया था। लेकिन बीजेपी नेताओं के दबाव में समीर वानखेड़े ने उन्हें छोड़ दिया। उन्होंने ऋषभ सचदेवा और मोहित कम्बोज की एक साथ खींची हुई तस्वीरें भी दिखाईं। मलिक के इस आरोप के बाद मोहित कम्बोज ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और हाईकोर्ट में 100 करोड़ रुपए की मानहानि का केस दायर किया।

मोहित कम्बोज पर जब से नवाब मलिक ने आरोप लगाए हैं, तब से अमित कम्बोज ट्वीटर पर नवाब मलिक पर कमेंट कर रहे हैं। पिछले दो दिन में उन्होंने कई ट्वीटर पोस्ट कीं और लिखा था कि आज वो नवाब मलिक को दिवाली गिफ्ट देने वाले हैं। उन्होंने इस बारे में लिखा था, “कल Diwali Gift मियाँ ko मेरी तरफ़ से दूँग़ा !”

समीर वानखेड़े को 6 केसों से हटाने के बाद मोहित कम्बोज ने लिखा कि अब नवाब मलिक का दामाद समीर खान तो गया। मोहित कम्बोज ने ये भी कहा था कि उनके ऊपर झूठे केस किए जा रहे हैं। कम्बोज ने कहा था कि वो नवाब मलिक की धमकी से डरते नहीं हैं। आज वो मलिक की हर बात का जवाब देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.