दुकानों के फिर टूटे ताले, व्यापार महासंघ में आक्रोश
एनसीआई@बूंदी
शहर की दुकानों में लगातार हो रही चोरियों के पीछे नशे का कारोबार जिम्मेदार। ये वारदातें स्मेकचियों द्वारा की जा रही हैं। व्यापार महासंघ बूंदी ने यह आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि इससे व्यापारियों में गहरा रोष है। मंगलवार सुबह भी चौगान दरवाजे के ठीक नीचे स्थित कन्हैया लाल हुकम चन्द भंडारी की दुकान, सदर बाजार में सराफा व्यवसाई व गणेश लाल छोटे लाल की दुकानों के ताले टूटे हुए मिले।
संगठन के प्रवक्ता माधव प्रसाद विजयवर्गीय ने बताया कि इस बात की जानकारी मिलने पर व्यापार महासंघ बूंदी के अध्यक्ष निरंजन जिंदल, क्लोथ मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश कुमार बिलोची व सचिव फणीभूषण सुरलाया मौका पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
व्यापार महासंघ बूंदी की ओर से जारी एक वक्तव्य में कहा गया है कि संगठन लगातार हो रही ऐसी वारदातों की कड़ी निंदा करता है। साथ ही पुलिस प्रशासन से अपराधियों का तुरंत पता लगा कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग करता है। साथ ही कहा गया है कि अगर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी वर्ग मजबूरन आंदोलन की राह अख्तियार कर सकता है। इस मामले को लेकर व्यापार महासंघ ने एसपी जय यादव को ज्ञापन भी दिया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही बुधवार को जिले के दौरे पर आने वाले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी इस सम्बन्ध में ज्ञापन देने की बात कही गई है। इसमें शहर की सभी समस्याओं के साथ विकास के मुद्दे भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा बाजार से बेरिकेटिंग हटाने की मांग कोटा रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष राजकुमार शृंगी ने रखी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
एसपी यादव को ज्ञापन देने वालों में व्यापार महासंघ के अध्यक्ष निरंजन जिंदल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश बिलोची, सचिव जसविंदर सिंह जस्सी, खाईलेंड मार्केट से अशोक चित्तौड़ा, कोटा रोड बाजार अध्यक्ष राजकुमार शृंगी, व्यापारी मनीष वरियानी, कमल सखुजा, महेश चांदवानी, फल व्यवसाय संगठन के अध्यक्ष राम स्वरूप राठौर व कोषाध्यक्ष रोशन बिलोची शामिल थे।
