मुख्यमंत्री गहलोत 17 नवम्बर को आएंगे ठीकरदा, प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में करेंगे शिरकत
एनसीआई@बूंदी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 17 नवम्बर (बुधवार) को बूंदी आएंगे। वे यहां हिंडोली उपखंड अंतर्गत ठीकरदा ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में शिरकत करेंगे।

जिला कलक्टर रेणु जयपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का दोपहर 12.30 बजे ठीकरदा में पहुंचने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री शिविर का निरीक्षण करेंगे तथा विभिन्न योजनाओं में लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे।
जिला कलक्टर ने मंगलवार सायं मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर ठीकरदा में आयोजन स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले काउंटर, हेलीपैड आदि का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव, अतिरिक्त कलक्टर एयू खान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मुरलीधर प्रतिहार, उपखंड अधिकारी हिंडोली मुकेश चौधरी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
