December 5, 2025

News Chakra India

Never Compromise

जिस ऑपरेशन के अमेरिकी युवती से उसके देश में मांगे थे एक करोड़ रुपए, जयपुर में हो गया 1.50 लाख में

जिस ऑपरेशन के अमेरिकी युवती से उसके देश में मांगे थे एक करोड़ रुपए, जयपुर में हो गया 1.50 लाख में

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान के एसएमएस हॉस्पिटल की ख्याति अब सात समुंदर पार तक जा पहुंची है। वह ऐसे की एक अमेरिकी युवती से उसके जिस ऑपरेशन के लिए उसके देश में करीब एक करोड़ रुपए मांगे थे, वही ऑपरेशन जयपुर के एसएमएस अस्पताल के डॉक्टरों ने मात्र डेढ़ लाख रुपए में कर दिया। इसके जरिये उस अमेरिकी युवती की लम्बाई 15 सेमी. बढ़ाई गई है। इसके लिए उसकी 2 अलग-अलग सर्जरी करनी पड़ी है। वह कैलिफोर्निया की रहने वाली है। पहले इसकी लम्बाई 4 फीट थी। पिछले 14 साल में एसएमएस में उसकी यह दूसरी सर्जरी हुई है। अभी तक यहां किसी भारतीय ने ऐसी सर्जरी नहीं कराई है।

एसएमएस हॉस्पिटल के ऑर्थोपेडिक डिपार्टमेंट के सीनियर प्रोफेसर और हॉस्पिटल के पूर्व अधीक्षक डॉ. डीएस मीणा ने बताया कि एंजेलिना (नाम परिवर्तित) की अनुवांशिक तौर पर हाईट छोटी है। रशियन तकनीक (लेंथिंग ओवर नेल) से सर्जरी करके उसके पैरों की हाईट को 15 सेमी. तक बढ़ाया गया है। इस सर्जरी में डॉ. राजकुमार हर्षवाल, डॉ. श्रीफल मीणा व डॉ. सोनाली ने भी सहयोग दिया।

2007 में करवाई थी पहली सर्जरी

डॉ. डीएस मीणा ने बताया कि एंजेलिना ने साल 2007 में भी यहीं पर सर्जरी करवाई थी। तब उसके थाई (जांघ) की हड्‌डी की सर्जरी करते हुए 7 सेमी. हाईट बढ़ाई गई थी। 14 साल पहले सर्जरी करवाने के बाद किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। इसलिए उसने बुधवार को जांघ से नीचे पैरों की हाईट को बढ़ाने के लिए एक और सर्जरी कराई। इससे 8 सेमी. हाईट बढ़ी है। इस तरह दो सर्जरी में उसकी हाईट में 15 सेमी. तक का इजाफा हाे गया।

अमेरिका में खर्चा एक करोड़ और यहां 1.50 लाख

डॉ. मीणा ने बताया कि अमेरिका में इस तरह की एक सर्जरी करवाने का खर्चा 50 लाख रुपए तक आता है, जबकि युवती ने दो सर्जरी करवाई है। ऐसे में दो सर्जरी का अमेरिका में उसका खर्चा करीब एक करोड़ रुपए तक आ जाता। जयपुर में इन दोनों सर्जरी का कुल खर्चा ही 1.50 लाख रुपए आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.