राजस्थान: कई जिलों में सर्दी तो कुछ में तापमान बढ़ा, जयपुर सहित कई जिलों में रविवार से बारिश व कड़ाके की ठंड
एनसीआई@जयपुर
पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में शनिवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। वहीं, दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान के शहरों में तापमान 3 डिग्री तक बढ़ गया।
राजस्थान में रविवार से सक्रिय होने जा रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर शनिवार को तापमान में देखने को मिला। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर सहित अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान के शहरों में तापमान में 1 से लेकर 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई।
जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, गंगानगर, चूरू, बीकानेर, जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। जैसलमेर में पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। यहां कल न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस था, जो गिरकर अब 8.4 पर आ गया। वहीं जैसलमेर, बाड़मेर सहित पश्चिमी राजस्थान के जिलों में सुबह से हल्की सर्द हवाएं चलनी शुरू हो गईं। दूसरी ओर उदयपुर, जयपुर, कोटा में न्यूनतम तापमान बढ़ोतरी होने से सर्दी से राहत मिली। उदयपुर में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री से बढ़कर 12.2 पर पहुंच गया। वहीं, जयपुर में पारा 11 से बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले जयपुर में भी शनिवार सुबह सर्द हवाओं का असर रहा।
अगले तीन दिन बादल और बारिश
जयपुर मौसम केन्द्र के मुताबिक शनिवार देर शाम या रविवार से बीकानेर सम्भाग में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगेगा। बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबादी या हल्की बारिश हो सकती है। इसका असर बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर सम्भाग में देखने को मिलेगा। मौसम के इस बदलाव से जयपुर, दौसा, सीकर, नागौर, अजमेर, चूरू, झुंझुनूं, अलवर सहित अन्य जिलों में मावठ हो सकती है।
