सुपर स्टार काजल राघवानी का खुलासा-मजबूर हैं भोजपुरी अभिनेत्रियां
अभिनेता खेसारी लाल यादव व काजल राघवानी एक फिल्म में।
भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री काजल राघवानी ने खुलासा किया कि भोजपुरी इंडस्ट्री जातियों में बंटी हुई है। इसलिए किसी एक जाति वाले के साथ काम करो तो दूसरी जाति वाला नाराज हो जाता है। काजल ने यहां तक कह दिया कि गुजराती फ़िल्म में 30 से ज्यादा फिल्में कर चुकी हूं, लेकिन वहां कभी जाति वाली फीलिंग किसी में नहीं आई। लेकिन, भोजपुरी में सिंह जी के साथ काम करो तो यादव जी नाराज और पांडेय जी के साथ काम करो तो सिंह जी नाराज, ऐसे में अभिनेत्रियों को यहां काफी कुछ सहना पड़ता है।
एनसीआई@पटना/सेन्ट्रल डेस्क
पिछले कई दिन से भोजपुरी के दो सुपर स्टार पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच विवाद जारी है। दोनों एक दूसरे के खिलाफ सोशल मीडिया पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैैं। इसी बीच भोजपुरी की सुपरस्टार काजल राघवानी ने भी भोजपुरी इंडस्ट्री को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने इस इंडस्ट्री में अभिनेत्री को मजबूर बताया है।
काजल राघवानी ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में जहां अपने करियर की सफलता का जिक्र किया, वहीं पुरुष अभिनेताओं और निर्माताओं पर बड़ा आरोप भी लगाया। काजल ने साफ कहा कि भोजपुरी में जिस तरह से अश्लीलता फैल रही है, इसे देखकर बहुत तकलीफ होती है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी की ऐसी स्थिति देख भिखारी ठाकुर की आत्मा को भी ठेस पहुंचता होगा।
काजल राघवानी ने साफ कहा कि यह इंडस्ट्री पुरुष बेस्ड है और यहां जो पुरुष अभिनेता चाहते हैं वही होता है। ऐसे में अश्लीलता मुक्त करना भी महिलाओं के हाथ में नहीं है बल्कि पुरुष अभिनेताओं और निर्माताओं के ही बस की बात है। फिल्मों में अभिनेत्री के काम की कीमत पर भी काजल ने साफ कहा कि यहां शुरू से अभिनेताओं को ज्यादा कीमत मिलती है और अभिनेत्रियां आधे से कम पर काम करती हैं।
बातचीत में इन्होंने ये भी खुलासा किया कि भोजपुरी इंडस्ट्री जातियों में बंटी हुई है। इस जाति के साथ काम करो तो वे नाराज हो जाते हैं। उस जाति के साथ काम करो तो ये नाराज हो जाते हैं। काजल ने यहां तक कह दिया कि गुजराती फ़िल्म में लम्बे समय से 30 से ज्यादा फिल्में कर चुकी हूं, लेकिन वहां कभी जाति वाली फीलिंग किसी में नहीं आई। लेकिन, भोजपुरी में सिंह जी के साथ काम करो तो यादव जी नाराज और पांडेय जी के साथ काम करो तो सिंह जी नाराज। ऐसे में अभिनेत्रियों को यहां काफी कुछ सहना पड़ता है।
वहीं, पवन सिंह और खेसारी के बीच छिड़े विवाद पर इन्होंने ज्यादा कुछ नहीं कहा, लेकिन, इतना जरूर कहा कि मैं अगर कुछ बोलूंगी तो मुझे फिल्में नहीं मिलेंगी और काम छिन जाएगा। ये डर मुझे हमेशा बना रहता है, लेकिन ये भी कहा कि भोजपुरी की इस हालत से भिखारी ठाकुर की आत्मा को ठेस पहुंचती होगी।
इस विवाद के बाद भोजपुरी की दूसरी सुपर स्टार अंजना सिंह ने भी चैनल से कहा कि जो अपने आप को सुपर स्टार कहते हैं, उनकी ऐसे लड़ाई जारी रहेगी तो दर्शकों पर इसका बुरा असर पड़ेगा। इसीलिए ऐसा कुछ नहीं करें कि इंडस्ट्री के सम्मान को ठेस पहुंचे।
