तहसीलदार और दलाल से 17 लाख रुपए बरामद, गिरफ्तार, तहसीलदार ने जमीन के मामलों में रिश्वत लेने के लिए दलाल के जरिए बना रखा था नेटवर्क
एनसीआई@जयपुर/भीलवाड़ा
जयपुर एसीबी ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा शहर तहसीलदार लालाराम यादव के घर दबिश दी। कमला विहार स्थित उसके घर से 5 लाख रुपए सहित कई डॉक्यूमेंट बरामद किए। वहीं तहसीलदार के दलाल कैलाश धाकड़ के घर से 12 लाख रुपए बरामद किए हैं। टीम ने तहसीलदार, दलाल और रिश्वत देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

उल्लेखनीय है कि तहसीलदार ने दलाल के माध्यम से रिश्ववत का नेटवर्क तैयार कर रखा था। प्रारम्भिक कार्रवाई में सामने आया कि लालाराम यादव जमीनी मामलों में रिश्वत लेकर लोगों को फायदा पहुंचाने का काम करता था। हाल ही में लाला राम यादव ने एक जमीन के मामले में अपने परिजन के खाते में 3 लाख रुपए जमा करवाए थे। इसके बाद से वह एसीबी के रडार पर था। डीजी बीएल सोनी व एडीजी दिनेश एमएन के नेतृत्व में तहसीलदार के घर पर दबिश दी गई। दबिश में पांच लाख रुपए और कई दस्तावेज बरामद हुए। एसीबी डीजी बीएल सोनी ने बताया कि तहसीलदार लालाराम यादव के खिलाफ एसीबी ने मामला दर्ज कर लिया है। उसने कुछ दिन पहले ही दीपक चौधरी नाम के एक व्यक्ति से 3 लाख रुपए की रिश्वत ली थी। मामला सामने आने के बाद एसीबी तहसीलदार पर लगातार नजर रख रही थी।
खनन माफिया से साठगांठ के भी आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लाला राम भीलवाड़ा से पहले बिजौलिया में तहसीलदार था। वहां अवैध माइनिंग करने वाले माफियाओं के साथ भी मिली भगत के कई सामने सामने आए थे। माफियााओं से रिश्वत की शिकायत भी पहले आ चुकी थी। यहीं से इसकी दलाल कैलाश धाकड़ से पहचान हुई थी। कैलाश धाकड़ ही रिश्वत की वसूली कर यह रकम तहसीलदार को देता था।
