गोवा चुनाव: मनोहर पर्रिकर के बेटे ने बीजेपी छोड़ी, निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-शुभकामनाएं
एनसीआई@पणजी
गोवा के पूर्व सीएम, देश के रक्षा मंत्री और पार्टी के बड़े नेता रहे मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया। उत्पल पणजी सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज थे। अब वह यहां से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। यहां से मनोहर पर्रिकर 6 बार विधायक रह चुके हैं।
उत्पल ने अपना इस्तीफा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सदानंद तनावड़े को भेजा है। इस पर सदानंद तनावड़े ने कहा कि शुक्रवार को मुझे उत्पल का पत्र मिला। जिसमें उन्होंने लिखा था कि उनकी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और बतौर राज्य कार्यकारिणी सदस्य से इस्तीफा स्वीकार किया जाए। पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। मैं उनको उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
उत्पल पर्रिकर पणजी सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। अपनी इच्छा से उन्होंने पार्टी को अवगत भी करा दिया था, लेकिन पार्टी की तरफ से उन्हें पणजी सीट से टिकट देने को लेकर कभी पॉजिटिव रिस्पॉन्स नहीं मिला। उत्पल ने इस बात का संकेत भी दे दिया था कि टिकट नहीं मिलने पर वह निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं।
गुरुवार को बीजेपी ने जब गोवा के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट का ऐलान किया, इसमें पणजी सीट से मौजूदा विधायक को ही टिकट देने की घोषणा की गई। बीजेपी ने कहा कि उत्पल को दूसरी सीट से चुनाव लड़ने को कहा जा रहा है। मगर, उत्पल ने पार्टी छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।
उत्पल पिछले कई दिन से पणजी में प्रचार में जुटे हुए थे। एक दिन पहले ही शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा था कि अगर उत्पल पर्रिकर निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं तो सभी गैर-बीजेपी दलों को उनका समर्थन करना चाहिए। अब देखना होगा कि उत्पल के निर्दलीय लड़ने की घोषणा पर बाकी विपक्षी दलों की क्या प्रतिक्रिया रहती है।
