फायरमैन भर्ती परीक्षा में भी हाईटेक नकल: मास्क में ब्लूटूथ डिवाइस लगाकर पहुंचा, कान में ईयरफोन लगाकर पूछ रहा था सवालों के जवाब
एनसीआई@उदयपुर
रीट के बाद अब फायरमैन सीधी भर्ती परीक्षा में भी हाईटेक नकल का मामला सामने आया है। उदयपुर के एक सेंटर पर युवक मास्क में ब्लूटूथ लगाकर आया था। घटना राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय अम्बेडकर नगर सेक्टर-4 की है। ब्लूटूथ से नकल करते हुए आरोपी नरेन्द्र कुमार यादव पुत्र दयाराम को पकड़ लिया गया है। 23 वर्षीय नरेन्द्र हरियाणा के महेंद्रगढ़ के सलीमपुर का रहने वाना है।
उदयपुर की हिरण मगरी पुलिस के थानाधिकारी रामसुमेर मीणा ने बताया कि नरेन्द्र ने मास्क के अंदर ब्लूटूथ डिवाइस लगा रखा था। वहीं, सुनने के लिए कान में भी एक ईयरफोन लगाया हुआ था। इनविजिलेटर ने युवक को बात करते हुए सुन लिया और पुलिस को सूचना दी। इस पर उसे गिरफ्तार कर ब्लूटूथ जब्त कर लिया गया है। उससे इस तरह के ब्लूटूथ डिवाइस बनाने वाले गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि ब्लूटूथ डिवाइस में सिम कार्ड भी लगा हुआ था। यह दूसरे फोन से ऑटोमैटिक कनेक्टेड रहता है। लड़के ने मास्क में ब्लूटूथ लगा रखा था और दूसरी तरफ बैठे व्यक्ति को धीरे से सवाल बताकर उससे जवाब पूछ रहा था।
