तीसरी लहर की अधिक सख्त गाइड लाइन: संडे कर्फ्यू में न दूध मिलेगा, न सब्जी-राशन, पहली-दूसरी लहर में थी अनुमति
एनसीआई@जयपुर
कोरोना बढ़ने के साथ ही सरकार ने पाबंदियां बढ़ानी शुरू कर दी है। 9 जनवरी को जारी की गई पाबंदियों की गाइड लाइन में खामियां सामने आने लगी हैं। सरकार ने नई गाइड लाइन में शनिवार रात 11 बजे से लेकर सोमवार सुबह तक पूरी तरह कर्फ्यू लगाने का प्रावधान किया है। इसमें रविवार को सब कुछ बंद रहेगा। नई गाइड लाइन के हिसाब से संडे कर्फ्यू में दूध डेयरी, फल सब्जी मंडी तक को खोलने की छूट नहीं है। जबकि कोरोना की पहली और दूसरी लहर के सख्त लॉक डाउन में भी दूध डेयरी, फल-सब्जी की दुकानों और किराना स्टोर खोलने की अनुमति थी।
मौजूदा प्रावधानों के हिसाब से तो संडे कर्फ्यू के दिन न दूध मिलेगा और न ही फल सब्जी। मीडिया कर्मियों के लिए भी गाइड लाइन में कवरेज के लिए आने-जाने की छूट का उल्लेख नहीं है। हर बार कर्फ्यू या लॉकडाउन में इसका उल्लेख होता है। जब तक गाइड लाइन में संशोधन नहीं होता तब तक संडे कर्फ्यू में लोगों को परेशानी होना तय है।
संडे लॉकडाउन में छूट वाली कैटेगरी में दूध डेयरी व फल-सब्जी मंडी को शामिल नहीं किया है।
जिन 10 कैटेगरी को छूट, इनमें दूध डेयरी, फल सब्जी की दुकानें और मीडिया शामिल नहीं हैं।
जिन फेक्ट्रियों में लगातार प्रोडक्शन होता हो, नाइट शिफ्ट वाली फेक्ट्रियाें आईटी, टेलीकॉम सेवाएं, मेडिकल दुकानें, शादी समारोह, इमरजेंसी सेवाओं वाले ऑफिस को छूट रहेगी। इसके अलावा माल लाने ले जाने वाले सभी वाहनों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड और एयरपोर्ट आने जाने वाले यात्रियों को छूट रहेगी। वेक्सीनेशन के लिए आने जाने वालों और मेडिकल सेवाओं से जुड़े ऑफिस भी कर्फ्यू के दायरे से बाहर रहेंगे।
स्ट्रीट वेंडर, थड़ी ठेले वालों को भी छूट नहीं
स्ट्रीट वेंडर, थड़ी ठेले वालों और फेरी लगाकर सामान बेचने वालों को लेकर भी गाइड लाइन में प्रावधान नहीं है। इन्हें भी छूट के दायरे में नहीं रखा है। कोरोना की गाइड लाइन में पहले भी कई बार खामियां सामने आ चुकी हैं। कोरोना की दूसरी लहर के समय भी कई बार शादी समारोह से लेकर कई तरह की पाबंदियों और छूट को लेकर विरोधाभासी प्रावधान कर दिए थे। मौजूदा गाइड लाइन की खामियों को सुधारने के लिए सरकार जल्द नई गाइड लाइन जारी कर सकती है।
कोरोना को लेकर 10 दिन में 4 बार गाइड लाइन
कोरोना को लेकर सरकार 10 दिन में 4 गाइड लाइन जारी कर चुकी है। सबसे पहले 29 दिसम्बर को गाइड लाइन जारी की। इसके बाद 2 जनवरी और 5 जनवरी को गाइड लाइन जारी कर कुछ पाबंदियां लगाईं। फिर 9 जनवरी को गाइड लाइन जारी कर संडे कर्फ्यू, रात 8 बजे बाजार बंद करने, शहरों में 12 वीं तक के स्कूल बंद करने जैसी पाबंदियां लगाईं।
