राजस्थान: प्रदेश में 3 मार्च से ही होंगी 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं, शिक्षा मंत्री ने किया ऐलान
राजस्थान में बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन को लेकर शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने कहा कि राज्य भर में कोविड गाइड लाइन की पालना करते हुए 3 मार्च से बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में कोरोना की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए जहां प्रदेश भर में स्कूलों को बंद कर दिया गया है, वहीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग ने अहम फैसला लिया है। सोमवार को हुई बैठक के बाद राज्य सरकार ने तय किया है कि बोर्ड परीक्षाएं 3 मार्च से ही आयोजित की जाएंगी।
प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन को लेकर शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला की अध्यक्षता में सोमवार को उच्च स्तरीय परीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। कल्ला ने इस दौरान कहा कि राज्य भर में कोविड गाइड लाइन और शारीरिक दूरी की पालना करते हुए 3 मार्च से बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि राज्य भर में 6074 केन्द्रों पर 20 लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे। वहीं परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए कुल 2874 होमगार्ड और लगभग 830 पुलिस जवानों का जाप्ता लगाया जाएगा।
परीक्षा केन्द्रों पर होगी मास्क व सेनिटाइजर की व्यवस्था
बैठक के बाद मिली जानकारी के मुताबिक 60 केन्द्रों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है। वहीं करीब 300 केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा सभी केन्द्रों पर शारीरिक दूरी सुनिश्चित करते हुए क्षमता से कम परीक्षार्थी बिठाए जाएंगे। कल्ला ने बताया कि केन्द्रों पर मास्क व सेनिटाइजर की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही नकल करने वाले परीक्षार्थियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 17 जनवरी से शुरू होने जा रही 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं अपने निर्धारित समय पर ही आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं के लिए स्थानीय अध्यापक ही नियुक्त किए जाएंगे।
परीक्षाओं का होगा समयबद्ध आयोजन
बैठक में मौजूद शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पवन कुमार गोयल ने कहा कि विभाग के सभी अधिकारी बोर्ड परीक्षाओं के समयबद्ध आयोजन के लिए कृत संकल्पित हैं। गोयल के मुताबिक परीक्षाओं को सभी सम्बंधित विभागों के बीच उचित सामंजस्य बिठाकर एक सुरक्षित वातावरण में आयोजित किया जाएगा।
वहीं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डीपी जारोली ने कहा कि साल 2020 की तरह इस साल भी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बैठक में माध्यमिक शिक्षा निदेशक कानाराम, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सचिव अरविंद सेंगवा सहित शिक्षा विभाग, गृह विभाग, पुलिस विभाग, पंचायती राज विभाग, उच्च शिक्षा व संस्कृत शिक्षा विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।
