राजस्थान: हर तीसरा सेम्पल पॉजिटिव, रिकॉर्ड 23 मौतें
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में कोरोना केस कम होने के बावजूद अब यह अधिक जानलेवा साबित हो रहा है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9 हजार 480 नए केस मिले हैं, जबकि 23 लोगों की मौत हो गई। इनमें सबसे ज्यादा 5 मौत जोधपुर जिले में हुई हैं। इसके अलावा आज जयपुर, झालावाड़ सहित 13 जिलों में कोरोना से मौतें हुई हैं। यह 11 जून के बाद है, जब कोरोना से एक दिन में 20 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। यह अलग बात है कि 7 दिन बाद प्रदेश में 10 हजार से कम केस आए हैं। 18 जनवरी को 9 हजार 711 मामले सामने आए थे। राजस्थान में सेम्पल भी बहुत कम हुए। हर तीसरा सेम्पल जांच में पॉजिटिव मिला है।
मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट की रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा 2424 मरीज जयपुर में मिले हैं। इसके अलावा जोधपुर में 621, अलवर 754, डूंगरपुर 488, उदयपुर 457, चित्तौड़गढ़ 394, भीलवाड़ा 353, अजमेर 391 और हनुमानगढ़ में 359 केस मिले हैं। मौत की स्थिति देखें तो आज जोधपुर के अलावा जयपुर में 4, बीकानेर, झालावाड़, प्रतापगढ़ में 2-2 और टोंक, सीकर, पाली, करौली, जालौर, गंगानगर, धौलपुर और अजमेर में एक-एक मरीज की मौत हुई है।
9397 रिकवर हुए मरीज
सोमवार को पूरे राज्य में 9397 से ज्यादा मरीज रिकवर हुए हैं। इस संख्या के बाद अब राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 93,502 हो गई। सबसे ज्यादा 24,736 एक्टिव केस जयपुर में हैं। अलवर और जोधपुर ऐसे जिले हैं जहां एक्टिव मरीजों की संख्या 7 हजार से अधिक है।
टेस्टिंग कम होने से केस भी कम
राज्य में कल रविवार को टेस्टिंग बहुत कम हुई। पूरे प्रदेश में केवल 22,372 लोगों की जांच की गई। इसमें से 9480 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली, यानी हर तीसरा सेम्पल पॉजिटिव निकला है। जयपुर में केवल 6164 लोगों की ही जांच की गई। मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट के लोगों का कहना है कि रविवार को छुट्टी होने के चलते लोग कम टेस्ट करवाने आते हैं।
जयपुर में कोरोना का ग्राफ तीसरे दिन भी डाउन
जयपुर में लगातार तीसरे दिन कोरोना का ग्राफ कम हुआ है। जयपुर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2424 नए केस मिले हैं। बड़ी बात यह है कि जयपुर में आज एक भी एेसा लोकल एरिया नहीं मिला, जहां कोरोना के केसों की संख्या 100 के अंक तक पहुंची हो। एरिया वाइज रिपोर्ट देखें तो आज जयपुर में सबसे ज्यादा मुरलीपुरा और वैशाली नगर में 88-88 मरीज मिले हैं। इनके अलावा विद्याधर नगर 69, त्रिवेणी नगर 57, सोडाला 52, प्रताप नगर 60, पत्रकार कॉलोनी 66, न्यू सांगानेर रोड 55, मानसरोवर 82, मालवीय नगर 64, किरण पथ 72, कोटपूतली 69, अग्रवाल फार्म 82, दुर्गापुरा 57, गोपालपुरा 61, गुर्जर की थड़ी 54, इंदिरा गांधी नगर 54, जगतपुरा 68, जवाहर सर्किल 51, जवाहर नगर 61 और झोटवाड़ा में 82 केस मिले हैं।
