December 5, 2025

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी की सड़कों की मरम्मत के टेंडर में गम्भीर खामी: नेता प्रतिपक्ष माधवानी व भाजपा पार्षदों ने जिला कलक्टर को बताई कई समस्याएं, खुद मॉनिटरिंग करने की गुहार

बूंदी की सड़कों की मरम्मत के टेंडर में गम्भीर खामी: नेता प्रतिपक्ष माधवानी व भाजपा पार्षदों ने जिला कलक्टर को बताई कई समस्याएं, खुद मॉनिटरिंग करने की गुहार

एनसीआई@बूंदी

नगर परिषद में नेता प्रतिपक्ष मुकेश माधवानी के साथ
सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर रेणु जयपाल से मिलकर उनके समक्ष विभिन्न जन समस्याएं रखीं। साथ ही गम्भीरता पूर्वक इनके समाधान की मांग की।

माधवानी व अन्य पार्षदों ने जिला कलक्टर को बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा शहरी क्षेत्र में बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की टूट-फूट मरम्मत के लिए प्रत्येक नगर परिषद क्षेत्र में बजट आवंटित किया है। इसी में बूंदी भी शामिल है। इसके प्रस्ताव सार्वजनिक निर्माण विभाग को नगर परिषद द्वारा भेजे गए थे। भाजपा पार्षदों का कहना था कि इस पर सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा जो टेंडर जारी किया गया है वह दोषपूर्ण हैं। वह ऐसे कि इस टेंडर में बिना खुदाई के ही सड़क निर्माण किए जाने का उल्लेख है। इससे साफ है कि जिन भी क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत की जाएगी, वह हिस्सा आसपास के हिस्से से ऊंचा रहेगा। इससे बारिश होने पर या अन्य किसी कारण एकत्र हुआ गंदा पानी आसपास के मकानों में भरने का खतरा रहेगा। जिससे लोगों को भारी परेशानी होगी।

दूसरा अधिकतम क्षेत्रों में सीवरेज की लाइनें डल चुकी हैं। इन सीवरेज लाइनों के ऊपर किस प्रकार सड़क बनाई जाएगी, इसका उल्लेख टेंडर में नहीं है। माधवानी ने जिला कलक्टर रेणु जयपाल से आग्रह किया कि सम्बंधित ठेकेदार को जो वर्क आर्डर दिया जाए, उसमें सड़क मरम्मत से पूर्व इनकी खुदाई का भी प्रोविजन रखा जाए।

इसी क्रम में भाजपा पार्षदों ने बूंदी शहर में हो रहे अवैध निर्माण व अतिक्रमणों की तरफ भी जिला कलक्टर का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि गुलाब कोठारी वाले मामले में अदालत के स्पष्ट निर्देश आ चुके हैं कि बिना मूलभूत सुविधाओं के किसी भी कॉलोनी का लेआउट स्वीकृत नहीं होगा। वहीं बूंदी में बिना लेआउट प्लान स्वीकृत राजनीतिक प्रभाव से धड़ल्ले से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। बूंदी शहर में चारों तरफ सरकारी जमीनों पर बिना अनुमति अवैध निर्माण, अतिक्रमण धड़ल्ले से हो रहे हैं। उनका आरोप था कि राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा तक में भी धड़ल्ले से अतिक्रमण किए जा रहे हैं। इसके अलावा जगह-जगह बिना अनुमति मीट की दुकानें भी खुल गई हैं।

नेता प्रतिपक्ष मुकेश माधवानी ने कहा कि नगर परिषद की एकमात्र कब्जे की सम्पत्ति कुम्भा स्टेडियम पर भी अवैध बजरी माफियाओं ने कब्जा कर लिया है। आप मौका दिखवा सकती हैं। स्टेडियम में बड़े-बड़े बजरी के ढेर, गिट्टी के ढेर एवं मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। माधवानी ने आगे कहा कि जहां आयुक्त महावीर सिंह सिसोदिया 8 घंटे रहते हैं, वहीं पर उनकी नजरों के नीचे तक अतिक्रमण हो रहा है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर में क्या हालात हैं। उन्होंने जिला कलक्टर रेणु जयपाल से अपील की कि अवैध निर्माण व अतिक्रमणों को आप अपने स्तर पर दिखवाएं। राजनीतिक प्रभाव से शहर की सूरत को खराब करने की कोशिश की जा रही है, उसे तुरंत रोकने की आवश्यकता है।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष मुकेश माधवानी के साथ पार्षद त्रिलोक कुमावत रणजीत नायक, मानस जैन, नवीन सिंह, कमलेश व पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता संजय भूटानी भी साथ थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.