तीसरी लहर की छठी गाइड लाइन: शादियों में मेहमानों की संख्या 50 से बढ़ाकर 100 की, वीकेंड कर्फ्यू अब केवल शहरी सीमा में ही
एनसीआई@जयपुर
राज्य सरकार ने गुरुवार को 22 दिन में कोरोना की छठी गाइड लाइन जारी की है। इसमें शादियों में शामिल होने वाले मेहमानों की संख्या 50 से बढ़ाकर 100 कर दी गई है। शहर और गांव दोनों में यह संख्या बराबर रहेगी। शादी समारोह में 100 लोगों की लिमिट में बैंड वालों को अलग रखा गया है। वीकेंड कर्फ्यू अब केवल शहरी क्षेत्रों में ही लागू होगा। शहरी सीमा से बाहर वीकेंड कर्फ्यू से छूट रहेगी। गृह विभाग की यह गाइड लाइन 24 जनवरी से लागू होगी।
कोरोना के मामले और मौतें दोनों बढ़ रही हैं। बावजूद इसके सरकार ने शादियों में शामिल होने वाले मेहमानों की संख्या बढ़ाने की छूट दी है। पुरानी गाइड लाइन में ग्रामीण क्षेत्रों में 100 लोगों की छूट दी थी, जबकि शहरी क्षेत्रों की शादियों में 50 लोगों की लिमिट थी।
शहरी क्षेत्रों में वीकेंड कर्फ्यू शनिवार रात 11 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक पहले की तरह ही रहेगा। हालांकि हर दिन रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू प्रदेश भर में लागू होगा। वीकेंड कर्फ्यू में 14 कैटेगरी को पहले दी गई छूट जारी रहेगी। किराना की दुकानें, फल-सब्जी मंडी और इसकी दुकानें, दूध डेयरी, मेडिकल दुकानें खुली रहेंगी।
-1 फरवरी से सभी बाजारों, दफ्तरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अपने यहां काम करने वालों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने की सूचना सार्वजनिक रूप से बोर्ड पर लगानी होगी। जिन दफ्तरों, बाजारों और प्रतिष्ठानों पर यह सूचना चस्पा नहीं होगी, उनके खिलाफ महामारी एक्ट में कार्रवाई होगी।
-नई गाइड लाइन में यह प्रावधान किया गया है कि कोरोना के कारण कोई होटल या मैरिज गार्डन की बुकिंग रद्द करवाता है या डेट आगे करता है तो पैसा रिफंड करना होगा।
-29 दिसम्बर 21 को हुई थी पहली गाइड लाइन जारी
कोरोना को लेकर सरकार 22 दिन में 6 गाइड लाइन जारी कर चुकी है। सबसे पहले 29 दिसम्बर को गाइड लाइन जारी की। इसके बाद 2 जनवरी और 5 जनवरी को। फिर 9 जनवरी को गाइड लाइन जारी करके संडे कर्फ्यू, रात 8 बजे बाजार बंद करने, शहरों में 12वीं तक के स्कूल बंद करने जैसी पाबंदियां लगाईं। 13 जनवरी को संशोधित गाइड लाइन जारी कर संडे कर्फ्यू में जरूरी चीजों की दुकानों को छूट दीं। अब 20 जनवरी की गाइड लाइन में शादी समारोह में 100 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी है।
-थर्ड वेव में सबसे ज्यादा 75% संक्रमित युवा और अधेड़, 10-15 फीसदी बच्चे-बुजुर्ग हुए पॉजिटिव।
-8 महीने बाद कोरोना का ऐसा कहर:एक दिन में 13 मौतें, 14 हजार नए केस, जयपुर, बीकानेर और कोटा में 2-2 मरीजों ने दम तोड़ा
