December 9, 2025

News Chakra India

Never Compromise

कई तरह के होते हैं गुड़, जानिए कौन सा है आपके लिए बेस्‍ट

कई तरह के होते हैं गुड़, जानिए कौन सा है आपके लिए बेस्‍ट

एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क

सर्दी के मौसम में गुड़ सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। आमतौर पर गुड़ (Jaggery) गन्ने के रस से बनता है। यह बाजार में आसानी से मिल जाता है। राजस्थान में भी यही गुड़ तैयार होता और बिकता है। मगर आपको बता दें कि गुड़ की कई किस्में होती हैं, और उन सभी की अपनी अलग न्‍यूट्रिशनल वैल्‍यू (पोषकता) होती है।

दरअसल गुड़ अनरिफाइंड (अपरिष्कृत) होता है, इस वजह से इसमें भरपूर मात्रा में खनिज लवण पाए जाते हैं। इसके अलावा इसमें केल्शियम, मेग्नीशियम, आयरन, फॉस्फोरस भी पाए जाते हैं। इस वजह से इसे चीनी से कहीं अधिक स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है। अब आइए जानते हैं कि गुड़ कितने प्रकार के होते हैं और इनके खाने के क्‍या-क्‍या फायदे हैं।

गुड़ के प्रकार और उनके फायदे

1.गन्ने का गुड़

गन्‍ने का गुड़ सबसे ज्‍यादा लोकप्रिय और इस्‍तेमाल किया जाता है। यह गुड़ गन्ने के रस (Sugarcane Juice) से बनाया जाता है। इस गुड़ का अलग ही स्वाद और बनावट होती है। इसमें कई जरूरी विटामिन्‍स और मिनरल्स पाए जाते हैं, मसलन, केल्शियम, आयरन, जिंक, फॉस्फोरस आदि। इसके सेवन से एनीमिया जैसी बीमारी से बचा जा सकता है‌। गन्‍ने का गुड़ हमारे लिवर को भी डिटॉक्सीफाई करता है और इम्युनिटी को बूस्ट करता है। इसका रंग हल्‍का पीला से भूरापन लिए होता है।

2.नारियल का गुड़

नारियल का गुड़ दक्षिण भारत में सबसे ज्‍यादा प्रचलित है। नारियल से बने रस में कई जरूरी मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्‍स होते हैं, जो इसे स्वास्थ्यवर्धक बनाने का काम करते हैं। नारियल के गुड़ को अनफर्मेंटेड रस से बनाया जाता है। यह गुड़ थोड़ा सख्त होता है। नारियल के गुड़ में भी आयरन, पोटेशियम और मेग्नीशियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो हमारे शरीर में एनिमिया जैसी समस्‍याओं को ठीक करने में सहायक होता है। इसमें एंटी बेक्‍टीरियल गुण भी होते हैं, इसलिए यह खांसी-जुकाम जैसी बीमारियों में एक अच्छे घरेलू नुस्‍खे के रूप में काम आता है। इसमें सोडियम, आयरन और पोटेशियम जैसे जरूरी तत्व होते हैं, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रण करने में मदद करते हैं। यह पिरामिड के आकार का गहरा भूरा रंग लिए बाजार में मिलता है।

3.खजूर का गुड़

खजूर का गुड़ भारत के पूर्वी राज्यों, जैसे पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में काफी प्रचलित है। इसे पाताली गुड़ भी कहा जाता है। खजूर का गुड़ खजूर अर्क से बनाया जाता है। खजूर के अर्क में कार्बोहाइड्रेट्स, विटामिन-बी, विटामिन-सी, आयरन और केल्शियम जैसे कई जरूरी न्यूट्रिएंट्स मौजूद होते हैं, जो हमारे शरीर की कई न्यूट्रिएंट्स की कमी को पूरा करने में सक्षम हैं। खजूर से बने गुड़ से माइग्रेन के दर्द को ठीक किया जा सकता है। इसकी खासियत यह भी होती है कि यह मुंह में आसानी से घुल जाता है। इसकी खुशबू भी खास होती है। इन सबके अलावा, पामिला और ताड़ के रस से भी गुड़ बनाया जाता है, जो बहुत ही कम उपलब्ध होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.