पेंशनर्स को आरजीएचएस योजना में दवाइयां मिलने में आ रही परेशानियों पर मुख्यमंत्री को चेतावनी
एनसीआई@बूंदी
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के संरक्षक पुरुषोत्तम पारीक ने पेंशनर्स को आरजीएचएस योजना के तहत दवाइयां मिलने में जिन जटिलताओं का सामना करना पड़ रहा है, उन, ललेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिख नाराजगी जताई है। साथ ही इसमें तत्काल सुधार करने की मांग की है।
पारीक ने मुख्यमंत्री गहलोत को पत्र लिखकर कहा है कि कुछ अधिकारी नहीं चाहते कि राज्य में पेंशनर्स सुखी एवं स्वस्थ रहें। इस प्रकार ये राज्य की लोकप्रिय सरकार को बदनाम करना चाहते हैं। इसी कारण पेंशनर्स को मिल रही दवाइयों की प्रक्रिया को अत्यंत जटिल कर दिया है। पेंशनर्स 60 साल से ऊपर एवं 90 साल तक के होते हैं। उन्हें इस जटिल प्रक्रिया को पूरा करने में अत्यंत परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे परेशान होकर वे दवाइयां खरीदने को मजबूर हो जाते हैं।
पारीक ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि तत्काल प्रभाव से आरजीएचएस योजना के तहत दवाइयां मिलने की प्रक्रिया को सरल करें। पेंशनर को सम्मान से दवाइयां मिलें। पारीक ने पत्र में चेतावनी दी है कि तत्काल प्रभाव से इस प्रक्रिया को सरल नहीं किया गया तो उनके निवास के बाहर आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी उनकी होगी।
