राजस्थान: 5 दिन बाद फिर बारिश का अलर्ट, ठंड बढ़ेगी, पूरी फरवरी रहेगी ठंडक
एनसीआई@जयपुर
राज्य के मौसम में एक बार फिर बदलाव होने के आसार हैं। 18 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे बारिश होगी। बारिश के बाद सर्दी का असर एक बार फिर बढ़ जाएगा। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, चूरू, सीकर, भरतपुर, अलवर, दौसा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, जयपुर और सवाई माधोपुर में बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा, तेज धूप निकलेगी। इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। वहीं 16-17 फरवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बादलों की आवाजाही के साथ ही हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के शहरों का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग का आंकलन है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह के दौरान फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में इस महीने के आखिरी दिनों तक सर्दी रह सकती है। तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
तापमान में 1 डिग्री तक बढ़ोतरी
प्रदेश के अधिकतर जिलों में रात के तापमान में करीब 1 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीती रात फलौदी में 12.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रात दर्ज की गई। वहीं 3.4 डिग्री के साथ करौली में सबसे सर्द रात रही। जयपुर में बीती रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अजमेर 10.1 डिग्री, भीलवाड़ा 4.8 डिग्री, वनस्थली 8.5 डिग्री, पिलानी 7.4 डिग्री, सीकर 7.5 डिग्री, कोटा 9.3 डिग्री, चित्तौड़गढ़ 6.2 डिग्री, डबोक 6.4 डिग्री, बाड़मेर 11.4 डिग्री, जैसलमेर 12 डिग्री, जोधपुर 9.9 डिग्री, बीकानेर 12.4 डिग्री, चूरू 7 डिग्री, श्रीगंगानगर 8.8 डिग्री व फतेहपुर तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
