पाकिस्तान में एक और हिन्दू लड़की की हत्या: अपहरण और धर्मांतरण के विरोध पर सिर में मारी गोली, जबरन शादी करना चाहता था आरोपी
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सोमवार को एक हिन्दू लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, यहां के सुक्कुर जिले में लड़की ने अपहरण का विरोध किया, जिसके बाद अपहरणकर्ताओं ने उसके सिर में गोली मार दी। लड़की का नाम पूजा कुमारी ओड है, जिसकी उम्र 18 साल है। उसके जबरन धर्मांतरण और अपहरण के प्रयास में असफल रहने पर हत्या कर दी गई।

सुक्कुर जिले के एसपी ने बताया कि पूजा की हत्या के मुख्य आरोपी वाहिद बख्श लशारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लशारी के पास से पुलिस ने हथियार भी जब्त कर लिया है। एसपी ने बताया कि आरोपी वाहिद बख्श पूजा से शादी करने के लिए उसका अपहरण करना चाहता था।
कई महीनों से बेटी को कर रहा था परेशान
पूजा के पिता ने इंडिपेंडेंट उर्दू को बताया कि सिंध में हिन्दू लड़कियों के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन इन मामलों में कहा जाता है कि हिन्दू लड़कियों ने अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म अपना लिया है। मेरी बेटी ने शादी और धर्म परिवर्तन से इनकार किया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
पूजा के पिता ने कहा- आरोपी कई महीनों से मेरी बेटी को परेशान कर रहा था। वह कई बार जबरदस्ती घर में भी घुसा। मैंने सुक्कुर पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा नहीं दी। घटना के बाद परिजनों ने शव को नेशनल हाईवे पर रख कर विरोध प्रदर्शन किया। इससे हाईवे करीब दो घंटे तक जाम रहा।
सिंध में हर साल एक हजार हिन्दू लड़कियों का अपहरण
पाकिस्तान में अक्सर जबरन धर्म परिवर्तन के मामले सामने आते रहते हैं। हालिया वक्त में ये ज्यादा बढ़ गए हैं। अमेरिका में सिंधी फाउंडेशन के मुताबिक, सिंध प्रांत में हर साल करीब एक हजार हिन्दू लड़कियों (उम्र 12 से 28 साल के बीच) का अपहरण किया जाता है। उनका जबरन धर्म परिवर्तन कराया जाता है। इसके बाद मुस्लिमों से शादी करवा दी जाती है।
हिन्दू, सिख, इसाई और अहमदियाओं पर होते हैं अत्याचार
पाकिस्तान ने कई मौकों पर अल्पसंख्यक समुदायों की रक्षा का भरोसा दिलाया है, लेकिन अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव जारी है। उनके साथ हिंसा, हत्या, अपहरण, रेप, जबरन धर्म परिवर्तन जैसी घटनाएं होती रहती हैं। हिन्दू, ईसाई, सिख, अहमदिया, और शियाओं को बहुत मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं।
