देश में खत्म हुईं कोरोना पाबंदियां, फेस मास्क और सामाजिक दूरी अभी भी जरूरी
केन्द्र सरकार ने कोरोना गाइड लाइंस के सम्बन्ध में बड़ा फैसला लिया है। 31 मार्च से सभी पाबंदियों को हटा दिया जाएगा। हालांकि फेस मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना आवश्यक होगा।
एनसीआई@नई दिल्ली
केन्द्र सरकार ने कोरोना के सम्बन्ध में जारी सभी प्रतिबंधों को 31 मार्च से हटा देने की घोषणा की है। देश में कोरोना के लगातार घटते मामलों के चलते यह फैसला किया गया है। कोविड प्रतिबंध लगभग दो साल से जारी थे।
अधिकारियों ने कहा कि अभी फेस मास्क पहनना व सामाजिक दूरी बनाए रखना जरूरी होगा। उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने कोरोना के मामलों में कमी लाने के लिए 24 मार्च 2020 को आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कई दिशा-निर्देश जारी किए थे।
राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी
केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में इन्हें डीएम एक्ट के तहत जारी गाइड लाइंस हटाने को कहा है। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने फैसला किया है कि डीएम अधिनियम के प्रावधानों को लागू करने की अब जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इन नियमों की अवधि 31 मार्च को समाप्त हो रही है। इसके बाद गृह मंत्रालय की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया जाएगा।
कोरोना के 1,778 नए मामले सामने आए
गौरतलब है कि कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। लगातार चौथे दिन कोरोना के दो हजार से कम मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना के आज देशभर में 1,778 नए मामले आए हैं। बीते 24 घंटों में 62 लोगों की मौत भी हुई है। इस दौरान कोरोना से 2,542 मरीज ठीक भी हुए हैं।
देश में अब कोरोना के एक्टिव केस घटकर 23,087 हो गए हैं। देश में अब तक कोरोना से 4,24,73,057 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि कुल 4,30,12,749 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा कोरोना से अब तक 5,16,605 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
