December 5, 2025

News Chakra India

Never Compromise

‘द कश्मीर फाइल्स’ को प्रमोट करने से कपिल शर्मा  के इंकार करने का आरोप, अनुपम खेर ने बताई यह सच्चाई

‘द कश्मीर फाइल्स’ को प्रमोट करने से कपिल शर्मा  के इंकार करने का आरोप, अनुपम खेर ने बताई यह सच्चाई

‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर कपिल शर्मा लगातार ट्रोल्स के निशाने पर बने हुए हैं। ऐसे में फिल्म के एक्टर अनुपम खेर ने कपिल पर लगे आरोप पर यह खुलासा किया है।

एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क

कॉमेडी किंग कपिल शर्मा यूं तो कई बार विवादों से घिर चुके हैं, लेकिन इस बार वो ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म (The Kashmir Files) की वजह से लगातार ट्रोल हो रहे हैं। दरअसल, ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने कपिल शर्मा पर आरोप लगाया था कि कॉमेडियन ने अपने शो में उनकी फिल्म को प्रमोट करने के लिए इनवाइट नहीं किया। कपिल शर्मा के खिलाफ विवेक अग्निहोत्री के ट्वीट के बाद से कपिल शर्मा को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार ट्रोल किया जाने लगा। कई यूजर्स ने तो कपिल और उनके शो का बॉयकॉट करने की बात भी कह डाली। अब इस पूरे मामले पर अनुपम खेर ने चुप्पी तोड़ लोगों को सच्चाई बताने की कोशिश की है।

अनुपम खेर ने बताया यह सच

‘द कश्मीर फाइल्स’ के स्टार अनुपम खेर ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें ‘द कपिल शर्मा शो’ में ‘द कश्मीर फाइल्स’ को प्रमोट करने के लिए 2 महीने पहले इनवाइट किया गया था, लेकिन फिल्म बहुत सीरियस मुद्दे पर बनी है, इसलिए वो उस शो का हिस्सा नहीं बनना चाहते थे।

इंटरव्यू में अनुपम खेर से सवाल किया गया- कपिल शर्मा शो एक कॉमेडी शो है। आपको लगता है वो माहौल इतना गहरा मुद्दा डिस्कस करने का है? इस सवाल पर अनुपम खेर ने जवाब दिया- ईमानदारी से कहूं तो मुझे शो के लिए कॉल आया था, लेकिन मैंने अपने मैनेजर से कहा कि ये फिल्म बड़ी सीरीयस है, मैं इसमें नहीं जा सकता हूं। अनुपम खेर ने आगे कहा- मैं यहां अपनी बात रखना चाहता हूं- ये 2 महीने पहले की बात है। मुझे बोला गया कि आप आ जाइए। तो मुझे लगा कि मैं पहले भी इस शो में जा चुका हूं और ये एक फनी शो है। फनी शो करना बहुत मुश्किल बात है।

इस प्रकार अनुपम खेर ने ये साफ कर दिया कि कपिल शर्मा ने उन्हें शो के लिए इनवाइट किया था, लेकिन फिल्म का मुद्दा बेहद सीरियस है, वहीं शो कॉमेडी पर बेस्ड है। इसलिए उन्होंने द कपिल शर्मा शो में द कश्मीर फाइल्स जैसी गंभीर फिल्म को प्रमोट करना ठीक नहीं समझा।

कपिल ने अनुपम खेर को कहा थैंक्यू

अपने ऊपर लगे आरोपों की सच्चाई दुनिया के सामने रखने के लिए कपिल शर्मा ने अनुपम खेर का शुक्रिया अदा किया है। कपिल ने इंटरव्यू का वीडियो शेयर करके कैप्शन में लिखा- थैंक्यू पाजी अनुपम खेर, मेरे खिलाफ सभी गलत आरोपों को क्लियर करने के लिए, और उन सब दोस्तों का भी शुक्रिया, जिन्होंने बिना सच जाने मुझे इतनी मोहब्बत दी। खुश रहिए, मुस्कुराते रहिए।

विवेक अग्निहोत्री ने बताया कपिल संग विवाद का पूरा सच

इंटरव्यू में द कश्मीर फाइल्स के डायरेक्टर से भी कपिल संग हुए उनके विवाद के बारे में पूछा गया। विवेक से इंटरव्यू में सवाल किया गया-आपने ट्वीट किया था कि आपकी फिल्म में बड़े स्टार नहीं थे, इसलिए आपको कपिल शर्मा शो में नहीं बुलाया गया, ये जरूरी क्यों था? इस सवाल के जवाब में विवेक अग्निहोत्री ने पूरा सच बताते हुए कहा- ये बिल्कुल जरूरी नहीं था, अगर होता तो मैं उन्हें खुद फोन करता। लोग मेरे पीछे पड़े थे कि आप जाते क्यों नहीं हैं, तो फिर मैंने उनको ऑफिशियल कारण बताया और मुझे उससे कोई आपत्ति भी नहीं है। मैं समझता हूं मार्केट के  डाइनेमिक्स को।

विवेक अग्निहोत्री ने आगे बताया- लेकिन एक सवाल मैं जरूर पूछना चाहता हूं- लोगों ने कश्मीर के नाम पर इतनी बात की है, प्रोग्राम्स किए हैं, तो मुझे विश्वास था कि शायद उनका दिल भी कश्मीर के लिए धड़कता हो। मुझे दूसरे फिल्म स्टार ने भी नहीं बुलाया तो मुझे फर्क नहीं पड़ता। लेकिन मुझे लगता था कि शायद इन्हें ये समझ आता हो कि इस फिल्म में स्टार नहीं, लेकिन कश्मीर ही सुपरस्टार-डूपर स्टार है।

विवेक अग्निहोत्री ने कहा- मुझे लगा कि जो लोग दिन रात कश्मीर को भुनाते हैं, ट्वीट करते हैं तो उनके दिल में इतना तो होगा ही कि वो ये चिंता ही न करें कि फिल्म में कौन है और कौन नहीं।

विवेक अग्निहोत्री बोले- कश्मीर फाइल्स का हीरो कश्मीर है। 5 लाख लोगों के दर्द और जो लोग मरे हैं उनके लिए अगर आपके दिल में इज्जत नहीं है और उस बारे में बात करने के लिए अगर आपको सुपरस्टाऱ चाहिए तो भारत का दुर्भाग्य है कि हमने ऐसी नस्ल खड़ी कर दी है, जिसे अपने देश की इतनी बड़ी पीड़ा के लिए स्टार्स की जरूरत है‌। मैं खुलकर सत्य बोल रहा हूं।

ट्रोलिंग पर कपिल ने यूजर को दिया था करारा जवाब

हाल ही में एक यूजर ने कपिल पर आरोप लगाते हुए सवाल किया था कि क्या वो कश्मीर फाइल्स को प्रमोट करने से घबरा गए हैं? सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग और यूजर के सवाल पर कपिल ने बड़े प्यार से जवाब दिया था। कपिल ने यूजर के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा था- यह सच नहीं है राठौर साहब। आपने पूछा इसलिए बता दिया। बाकी जिन लोगों ने सच मान ही लिया उनको सफाई देने का क्या ही फायदा। एक एक्सपीरियंस्ड सोशल मीडिया यूजर होने के नाते एक सुझाव देता हूं कि आज के सोशल वर्ल्ड में कभी भी एक साइड की स्टोरी पर यकीन नहीं करना। धन्यवाद।

बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है द कश्मीर फाइल्स

द कश्मीर फाइल्स मूवी की बात करें तो ये फिल्म कश्मीरी पंडितों के साथ हुए अन्याय पर बनी फिल्म है। इसमें अनुपम खेर और मिथुन चक्रवर्ती के अभिनय की खूब सराहना की जा रही है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में बड़ा धमाका कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.