उमंग संस्थान ने विश्व गौरैया दिवस पर परिंडे बांधकर लिया पक्षी संरक्षण का संकल्प
एनसीआई@बूंदी
विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर रविवार को उमंग संस्थान की ओर से बालचंद पाड़ा क्षेत्र में परिंडे बांधकर पक्षी संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल शर्मा मुख्य अतिथि थे।

मुख्य अतिथि अनिल शर्मा ने कहा कि आज बिगड़ते पर्यावरण संतुलन के कारण मानव अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। पक्षी प्रकृति के संदेशवाहक हैं। गौरैया की कम होती संख्या पर चिंता प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि पक्षी आध्यात्मिक अनुभूति व मन को सुकून देते हैं,इसलिए हमें इनके संरक्षण के लिए परिंडे अवश्य बांधने चाहिएं।
संस्थान के सचिव कृष्ण कांत राठौर ने बताया कि जून माह तक चलने वाले पक्षी संरक्षण के इस महाअभियान में आमजन को जोड़ने के उद्देश्य से इस परिंडा अभियान का शुभारम्भ किया गया है। अभियान के संयोजक विनोद कुमार गौतम व प्रभारी अनुराधा शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ मुख्य अतिथि से परिंडा बंधवाया तथा पक्षी संरक्षण की कामना की। समन्वयक सर्वेश तिवारी ने पर्यावरण संरक्षण में गौरैया सहित अन्य पक्षियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ‘एक परिंडा- मेरा भी अभियान’ का परिचय दिया। इसके तहत आमजन परिंडा बांधकर पक्षियों के लिए जल व चुग्गे की व्यवस्था करेंगे। अंत में संस्थान की मार्गदर्शिका रेखा शर्मा ने सभी का आभार प्रकट किया।
