जहांगीरपुरी में फिर पथराव: फायरिंग के आरोपी की पत्नी को पूछताछ के लिए लेने गई पुलिस टीम पर हमला
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती अवसर पर हुई हिंसा के बाद आज यानी सोमवार दोपहर भी पत्थरबाजी की घटना हुई। जहांगीरपुरी हिंसा में फायरिंग करते दिखे शख्स सोनू शेख की पत्नी से पूछताछ करने गई पुलिस टीम पर पथराव किया गया। इससे एक पुलिस अधिकारी के पैर में चोट आई है। वहीं आरोपी अभी फरार है। इस घटना को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस ने माना है कि आज हल्की पत्थरबाजी की घटना हुई है। यह मामूली घटना थी। पत्थरबाजी करने वाले एक आरोपी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है। गौरतलब है कि जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हुई झड़प में पथराव और आगज़नी की घटनाएं हुई थीं, जिसमें आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय व्यक्ति घायल हो गया था। इसमें एक पुलिसकर्मी के हाथ में गोली भी लगी थी। इस मामले में पुलिस ने अब तक 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अभी और गिरफ्तारियां होंगी। इतना ही नहीं, पुलिस ने बंदूक और तमंचे भी बरामद किए हैं।
जहांगीरपुरी हिंसा की 14 टीमें कर रहीं जांच, अब तक 23 गिरफ्तार; पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना बोले- दोषियों को बख्शेंगे नहीं
नई दिल्ली।दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती के अवसर पर शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने आज यानी सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इस घटना से जुड़े सभी अपडेट्स दिए। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जहांगीरपुरी हिंसा की जांच के लिए 14 टीमें गठित की गई हैं और जांच निष्पक्ष होगी। हम इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। राकेश अस्थाना ने बताया कि जहांगीरपुरी हिंसा केस में अब तक 23 लोगों को गिरफ्तार किया है।
राकेश अस्थाना ने बताया कि अब तक इस मामले में 23 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। 9 लोग घायल हुए हैं, जिसमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और फॉरेंसिंक टीम ने क्राइम सीन का दौरा भी किया है।
