9 साल के बच्चे पर टूट पड़े 5 आवारा कुत्ते, जगह- जगह से नोंचा, सीसीटीवी में कैद हुई दिल दहलाने वाली घटना
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान की राजधानी जयपुर की एक कॉलोनी में कुत्तों के आतंक से दहशत फैल गई है। यहां 5 कुत्तों ने एक 9 साल के बच्चे पर हमला बोल दिया। आवारा कुत्तों ने उसे 40 से अधिक जगह से नोंच दिया। बुरी तरह घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे कल गुरुवार को छुट्टी दे दी गई। लेकिन अभी भी घाव पूरी तरह भरे नहीं हैं। कुत्तों के इस हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। वहीं 8 दिन पुरानी इस घटना की आज जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कम्प मच गया। नगर निगम ने तुरंत एक्शन ले कर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की।
यह घटना 19 मई की दोपहर मुहाना इलाके की राधा निकुंज कॉलोनी में घटी। बच्चे के परिजन इलाज में व्यस्त रहने के चलते इसकी शिकायत नहीं कर सके थे। मामले के अनुसार राधा निकुंज कॉलोनी में रहने वाले जितेन्द्र मिश्रा ने बताया कि उनका 9 साल का बेटा दक्ष मिश्रा 19 मई को स्कूल से आने के बाद घर के बाहर खेल रहा था। तभी 5 आवारा कुत्तों ने अचानक दक्ष को चारों तरफ से घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। इस दौरान बच्चे के माता-पिता नौकरी पर गए हुए थे, इसलिए दक्ष घर पर अकेला ही था।
महिलाओं ने बचाई बच्चे की जान
इस दौरान स्कूटी पर सवार दो महिलाएं वहां से गुजर रहीं थीं रुकीं। वे बच्चे की चीख-पुकार सुन व हालात को देख वहां रुकीं व दक्ष को खूंखार कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद नौकरी पर गए हुए उसके माता-पिता को सूचना दी गई। साथ ही दक्ष को गम्भीर हालत में नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कॉलोनी में दहशत
जितेन्द्र मिश्रा ने बताया कि इस घटनाक्रम से कॉलोनी में रहने वाले अन्य बच्चों में भय का माहौल है। हमला करने वाले पांचों कुत्ते अभी भी गलियों में बेखौफ होकर घूम रहे हैं। लोगों का कहना था कि इन आवारा कुत्तों के सम्बन्ध में नगर निगम में पहले शिकायत की गई थी। इस पर निगम की गाड़ी कुत्तों को पकड़ने के लिए आई भी, लेकिन उस दौरान कुत्ते इधर-उधर भाग कर छुप गए। इस कारण नगर निगम की टीम कुत्तों को बिना पकड़े ही लौट गई थी।
