दो बोतल शराब पीकर भी नहीं हुआ नशा तो कर दी मिलावट की शिकायत, अब जांच करेंगे अधिकारी
एनसीआई@उज्जैन
मध्यप्रदेश के उज्जैन के रहने वाले 42 वर्षीय एक व्यक्ति ने अधिकारियों से शिकायत की है कि एक दुकान से उसे मिलावटी शराब बेची गई है, क्योंकि इसे पीने के बाद उसे नशा नहीं हुआ। इस शिकायत के बाद आबकारी आयुक्त ने अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा है। यह शिकायत उज्जैन के बहादुरगंज इलाके के निवासी लोकेश सोठिया ने की है। इसमें उन्होंने कहा है कि 12 अप्रेल को एक दुकान से देसी शराब की चार सीलबंद बोतलें (पव्वा) खरीदीं।
सोठिया ने रविवार को बताया, ‘मेरे दोस्त और मैंने उन बोतलों में से दो (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) से शराब का सेवन किया, लेकिन मुझे नशा महसूस नहीं हुआ।’ सोठिया पार्किंग स्थल का संचालन करते हैं। उन्होंने दावा किया कि बोतलों में शराब के साथ पानी मिला हुआ था, इसलिए उन्हें नशा नहीं हुआ।
सोठिया ने कहा, ‘मैंने दो अन्य बोतलों की सील अब तक नहीं खोली है और जब जरूरी होगा तो सबूत के रूप में उन्हें पेश करूंगा। खाद्य पदार्थ, तेल और अन्य चीजों में मिलावट की खबरें आती रहती हैं, लेकिन अब शराब में भी ऐसा किया जा रहा है। यह ठीक नहीं है। मैं उपभोक्ता फोरम में जाऊंगा।’ उन्होंने कहा कि वह पिछले दो दशक से शराब का सेवन कर रहे हैं और इसके स्वाद और गुणवत्ता के बारे में अच्छी तरह से जानते हैं।
सोठिया ने बताया, ‘मैंने मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और उज्जैन के आबकारी आयुक्त इंदर सिंह डामोर से मुझे बेची गई इस मिलावटी शराब के बारे में शिकायत की है।’
इस बारे में पूछे जाने पर डामोर ने बताया, ‘इस प्रकरण की जांच करने का निर्देश अपने अधीनस्थ को दे दिया है। जांच में जो सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।’
सोठिया के वकील नरेंद्र सिंह धाकडे़ ने बताया, ‘लोकेश सोठिया के साथ हुई धोखाधड़ी का प्रकरण हम उपभोक्ता फोरम में ले जा रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘मेरे मुवक्किल का ‘पेड पार्किंग’ का व्यवसाय है। वह बरसों से शराब पीते हैं, इसलिए उन्हें मिलावटी और असली शराब की पहचान है।’
