December 5, 2025

News Chakra India

Never Compromise

भगवा झंडे की जगह इस्लामिक झंडा लगाने पर सीएम गहलोत के गृह नगर जोधपुर में आधी रात को बवाल, पथराव, कई घायल, इंटरनेट बंद

भगवा झंडे की जगह इस्लामिक झंडा लगाने पर सीएम  गहलोत के गृह नगर जोधपुर में आधी रात को बवाल, पथराव, कई घायल, इंटरनेट बंद

एनसीआई@जोधपुर

ईद के मौके पर सीएम अशोक गहलोत के गृहनगर जोधपुर में सोमवार आधी रात को परशुराम जयंती आयोजन को लेकर लगाए गए भगवा झंडे की जगह इस्लामिक झंडा लगा दिए जाने के बाद भारी बवाल हो गया। उसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी व तोड़फोड़ हुई। इससे करीब एक दर्जन लोग लहूलुहान हो गए। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस और आरएसी ने मोर्चा ने संभाला और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। रात करीब 1 से 3 बजे तक शहर के बीचबीचों पत्थर बरसते रहे। हालात को देखते हुए प्रशासन को आधी रात को ही पूरे जोधपुर जिले में आगामी आदेश तक मोबाइल इंटरनेट बंद करने के आदेश जारी करने पड़े।मौके पर भारी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। इसके बाद मंगलवार सुबह नमाज के बाद फिर भारी पत्थरबाजी व तोड़फोड़ की घटना हुई। इसमें पास के मोहल्ले की गलियों में खड़े हुए कई वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया, इनमें करीब 18 कारें भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार बवाल की शुरुआत शहर के ह्रदय स्थल जालोरी गेट पर झंडे लगाने को लेकर हुई थी। इस बात को लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने सामने हो गए और विवाद बढ़ गया। विवाद की सूचना पर वहां दोनों समुदायों के लोगों की भीड़ बढ़ती गई। देखते ही देखते बातचीत मारपीट और पत्थरबाजी तक पहुंच गई। इसके बाद वहां दोनों तरफ से जमकर पत्थर बरसने शुरू हो गए।

बवाल में तहस-नहस हुई बेरिकेडिंग

जालोरी गेट पर ही जोधपुर शहर की सबसे बड़ी मस्जिद है। इस इलाके को बड़ी ईदगाह क्षेत्र कहा जाता है। यहां ईद पर बड़े स्तर पर सामूहिक रूप से नमाज होती है। कोरोना काल के कारण 2 साल से सामूहिक नमाज नहीं हो सकी थी, लिहाजा इस बार इसके लिए व्यापक तैयारियां की गईं थीं। इसके लिए बेरिकेडिंग आदि की हुई थी, लेकिन आधी रात को हुए बवाल में इस बेरिकेडिंग को तोड़ दिया गया।

प्रभावित इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात, कई पत्रकार भी घायल

हालात बिगड़ने के बाद सम्भागीय आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने आगामी आदेश तक आधी रात को ही संपूर्ण जोधपुर जिले में नेटबंदी के आदेश जारी कर दिए। दारुल उलूम ईशहाकिया मुफ्ती शेर मोहम्मद ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन के अधिकारी पूरे इलाके के चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए है। इस घटना में कई पत्रकार भी घायल हुए हैं।

बीजेपी और आरएसएस जिम्मेदार: खाचरियावास

राजस्थान में घटित होने वाली हर हर ऐसी वारदात जो सरकार को परेशानी में डाल देती है, उसके लिए पूरी तरह बीजेपी व आरएएस को तुरंत जिम्मेदार बता देने वाले राज्य के मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जोधपुर की घटना के बारे में भी यही किया है। उन्होंने एक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए साफ तौर पर कहा कि विधानसभा चुनाव में डेढ़ साल बाकी है, इसलिए बीजेपी और आरएएस ही ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रही है। खाचरियावास के इस बयान से अलग बात यह है कि इस घटना की शुरुआत भगवा झंडे को हटाकर इस्लामिक झंडा लगा देने से हुई थी। खाचरियावास के बयान के अनुसार तो भगवा झंडे को हटाने वाला बीजेपी या आरएएस का कार्यकर्ता रहा होगा।

विधायक के घर के बाहर रखी बाइक भी क्षतिग्रस्त

शिवसागर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सूर्यकांता व्यास के घर के बाहर भी असामाजिक तत्वों ने जमकर बवाल किया। बाहर खड़ी हुई एक बाइक को आग लगा दी।

(हमारे पास इस घटना के बहुत सारे वीडियो हैं, आप इन्हें हमारे यूट्यूब चैनल News Chakra India में पूरी रिपोर्ट के साथ देख पाएंगे)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.