एनडीए की ओर से द्रोपदी मुर्मु होंगी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार, विपक्ष के यशवंत सिन्हा देंगे चुनौती
एनसीआई@नई दिल्ली
राष्ट्रपति चुनाव के लिए बीजेपी की तरफ से अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया गया है। पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने द्रौपदी मुर्मू के नाम का ऐलान करते वक्त इस बात पर जोर दिया कि इस बार एक आदिवासी महिला को मौका मिलना चाहिए। वहीं बीजेपी के पूर्व नेता, देश के वित्त एवं विदेश मंत्री रहे यशवंत सिन्हा को विपक्ष ने अपना साझा उम्मीदवार बनाया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि देश को पहली बार आदिवासी समुदाय से एक राष्ट्रपति देने की तैयारी है। वे बताते हैं कि इस बार पूर्वी भारत से किसी को मौके देने पर सभी के बीच में सहमति बनी थी। हमने इस बात पर भी विचार किया कि अभी तक देश को आदिवासी महिला राष्ट्रपति नहीं मिली हैं। ऐसे में बैठक के बाद द्रौपदी मुर्मू के नाम पर मुहर लगाई गई।
उनके नाम का ऐलान कर पार्टी ने एक तरफ आदिवासी समुदाय को साधने का काम किया है तो वहीं दूसरी तरफ महिला सशक्तिकरण को लेकर भी संदेश दिया है।
द्रौपदी मुर्मू की बात करें तो वे देश की पहली आदिवासी राज्यपाल बनाई गई थीं। वे साल 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रहीं। राज्यपाल का पद सम्भालने से पहले द्रौपदी मुर्मू बीजेपी की एसटी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रह चुकी थीं।
उल्लेखनीय है कि देश के नए राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को होना है। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी। चुनाव आयोग ने इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 29 जून है।
