December 12, 2025

News Chakra India

Never Compromise

जयपुर मेयर सौम्या गुर्जर की तरह घर बैठाने की धमकी दी, चाकसू प्रधान का फूट-फूटकर रोने वाली बीडीओ पर लगाया आरोप

जयपुर मेयर सौम्या गुर्जर की तरह घर बैठाने की धमकी दी, चाकसू प्रधान का फूट-फूटकर रोने वाली बीडीओ पर लगाया आरोप

एनसीआई@जयपुर

जयपुर जिला परिषद की बैठक में बुधवार को हुए घटनाक्रम के बाद बीडीओ और प्रधान के बीच टकराव और बढ़ गया। चाकसू प्रधान उगंता चौधरी ने बीडीओ कृष्णा माहेश्वरी पर नया आरोप लगाया है। उगंता चौधरी के मुताबिक बीडीओ ने उन्हें जयपुर नगर निगम ग्रेटर की मेयर सौम्या गुर्जर की तरह घर बैठाने की धमकी दी थी। वहीं, इन आरोपों से बीडीओ ने इनकार किया है। कृष्णा माहेश्वरी ने कहा कि उनकी आज तक इस तरह की कोई बात प्रधान से हुई ही नहीं है।

चाकसू प्रधान ने 17 दिसम्बर 2021 को शासन सचिव पंचायती राज विभाग को लिखे एक शिकायती पत्र को भी सार्वजनिक किया। पत्र में चाकसू प्रधान उगंता चौधरी ने लिखा था कि बीडीओ की ओर से मेरे द्वारा लिए गए निर्णयों और आदेशों को बिना सूचना दिए बदला जा रहा है। इस पर जब उनसे बात की तो बीडीओ ने धमकी दी और कहा कि नगर निगम जयपुर मेयर सौम्या गुर्जर की तरह तुम्हे भी घर बैठवा दूंगी। इस मामले पर शासन सचिव ने भी जिला कलक्टर से शिकायत की जांच कर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा था।

प्रधान के इस आरोप पर बीडीओ कृष्णा माहेश्वरी ने कहा कि मेरी आज तक प्रधान से ऐसी कोई बात नहीं हुई है, जिसमें मैंने इस तरह की बात उनसे कही हो। मेरे बारे में पंचायत में सब जानते हैं। यही कारण है कि आज कई लोग मेरे समर्थन में जयपुर में सरकार को ज्ञापन देने पहुंचे हैं।

कलक्टर ने सीईओ को जांच के दिए निर्देश

वहीं, कल बुधवार को हुए घटनाक्रम के बाद बीडीओ के समर्थन में जयपुर जिले की दूसरी पंचायतों में लगे बीडीओ भी उतर गए। आमेर, विराटनगर, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, बस्सी, कोथून, तूंगा, आंधी, जालूस, झोटवाड़ा, जमवारामगढ़, दूदू सहित अन्य पंचायतों में नियुक्त बीडीओ ने भी कलक्टर को पत्र लिखकर इस मामले में चाकसू प्रधान के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। इसके बाद कलक्टर राजन विशाल ने इसकी जांच के लिए जिला परिषद के सीईओ को निर्देश दिया है।

यह है घटनाक्रम

1 जून को जिला परिषद में हुई साधारण सभा की बैठक में चाकसू बीडीओ और प्रधान ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए थे। इस दौरान भरे सदन में बीडीओ बोलते-बोलते फूट-फूट कर रोने लगीं थीं। बीडीओ ने चाकसू प्रधान के पति बद्रीनारायण चौधरी पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए मानसिक तनाव में आने, गलत कमेंट करने जैसे गम्भीर आरोप लगाए थे। बीडीओ ने कहा था कि वह प्रधान पति की गुलामी नहीं कर सकतीं। इस पर चाकसू प्रधान ने कहा था कि बीडीओ खुद उन्हें अनपढ़-गंवार कहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.