रजत गृह कॉलोनी में शनिवार से जलापूर्ति व्यवस्था सुधरने का वादा, मगर शहर के इन हिस्सों में सुबह नहीं आएगा पानी
रजत गृह कॉलोनी के वाशिंदों को एक्सईएन ने दिया आश्वासन
एनसीआई@बूंदी
तकरीबन पूरे साल पानी की किल्लत से जूझती शहर की सबसे बड़ी पॉश कॉलोनी रजत गृह के वाशिंदे समस्या के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को जलदाय विभाग के एक्सईएन विवेक शर्मा से मिले। गौरतलब है कि करीब 2 महीने से यहां इस समस्या ने और भी विकट रूप ले लिया है। 24 घंटे में अधिकतम 15-25 मिनट ही जलापूर्ति हो रही है, वह भी कम दबाव से। भीषण गर्मी में इससे लोगों के बुरे हालात हो गए हैं।
एक्सईएन विवेक शर्मा से रजत गृह कॉलोनी वासियों का यह प्रतिनिधिमंडल वार्ड संख्या 52 के पार्षद रामराज अजमेरा के नेतृत्व में मिला। अजमेरा सहित सभी ने मांग की कि जलापूर्ति व्यवस्था को शीघ्र सुधारा जाए। साथ ही हालात को देखते हुए यहां पानी की एक और टंकी के निर्माण का प्रपोजल बनाकर सरकार को भेजें। पार्षद अजमेरा सहित अन्य लोगों ने इस प्रपोजल को अपने प्रयास से शीघ्र पास करवा देने की बात भी कही।
इस पर एक्सईएन शर्मा ने रजत गृह वासियों को आश्वासन दिया कि शनिवार सुबह से ही जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार हो जाएगा। अब कम से कम पौन घंटे रोज जलापूर्ति होगी। साथ ही उन्होंने प्रपोजल बनाया देने का भी आश्वासन दिया।
इस प्रतिनिधि मंडल में पार्षद रामराज अजमेरा के अलावा व्याख्याता भूपेन्द्र शर्मा, पत्रकार राजीव सक्सेना, पीटीआई मुक्ति दत्त शर्मा, सीनियर टीचर कपिल विजय, ओम राज सिंह, सुरेन्द्र शर्मा, व्यवसाई अनिल जैन, कैलाश शर्मा, नवीन जैन, टिप्सी विजयवर्गीय, वैद्य सुरेश शर्मा आदि शामिल थे।
यहां प्रातःकालीन पेयजल आपूर्ति नहीं होगी
बूंदी। विद्युत निगम द्वारा मांगली पम्पगृह को 33 केवी विद्युत लाइन के रख-रखाव के कारण 11 जून शनिवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। इस कारण शहरी जल योजना बून्दी की प्रातःकालीन पेयजल आपूर्ति नहीं होगी।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशाषी अभियन्ता (एक्सईएन) विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि नैनवां रोड क्षेत्र के तहत मालनमासी बालाजी, पुलिस लाइन, केसरी सिंह नगर व मीरा गेट, भाटा विलास क्षेत्र के चेनराय जी का कटला, विकास नगर क्षेत्र के मोरड़ी पाड़ा, बोहरा मोहल्ला, लोहार गली, घसियारा मोहल्ला तथा बाईपास रोड पर इससे जलापूर्ति नहीं होगी।
