नरेगा से उपलब्ध करवाएं श्रम रोजगार, चैक से भुगतान नहीं हो: सीईओ बूंदी
जिला परिषद बूंदी के सीईओ ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग योजनाओं की समीक्षा की
एनसीआई@बूंदी
नरेगा से उपलब्ध करवाएं श्रम रोजगार, किसी भी पंचायत में चैक से भुगतान नहीं हो, अमृत सरोवर अभियान के कार्य 2 दिन में प्रारम्भ करवाएं। यह निर्देश मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार ने शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।
सीईओ प्रतिहार ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की विभिन्न योजनाओं की पावर पॉइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि जिन पंचायतों में कार्य की मांग है, वहां महात्मा गांधी नरेगा योजना से तत्काल नियमानुसार नवीन कार्य स्वीकृत करवाए जाएं। श्रमिकों की उपस्थिती एनएमएमएस के माध्यम से हो। नरेगा की पूरी टीम लगाकर अमृत सरोवर अभियान के कार्यों को चिह्नित कर कार्य स्वीकृत करवाकर 2 दिवस में प्रारंभ करवाएं।
प्रतिहार ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत लाभार्थियों की 90 दिवस श्रम मस्टररोल जारी की जाए। आवास सॉफ्ट पूर्णता को नरेगा में भी दर्ज करवाया जाए। जिस टीम के द्वारा आवास की जिओ टेग की जा रही है, उनके द्वारा कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता नहीं हो इसके लिए विकास अधिकारी रेंडमली जांच करें। आवास लाभ प्राप्त कर चुके प्रत्येक लाभार्थी के शौचालय निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
सीईओ ने निर्देश दिए कि प्रत्येक तकनीकी कार्मिक सप्ताह में सोम, मंगल व बुधवार को फिल्ड दौरा कर कार्यों की गहनता से तकनीकी एवं लेखा जांच करें। पत्राचार का समय पर जवाब प्रेषित हो। वर्षा प्रारम्भ के साथ ही पौधारोपण के लिए गड्डों का निर्माण एवं नियमानुसार पौध खरीद की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी जाए। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत स्वीकृत पंचायत भवन निर्माण में तेजी लाई जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि पंचायत समिति मुख्यालय पर केम्प आयोजित कर ग्राम पंचायतों के रिकॉर्ड की गहनता से जांच की जाए। जिस मद के लिए राशि जारी की जाए, उसी में व्यय सुनिश्चित किया जाए। स्वच्छ भारत अभियान-ग्रामीण के तहत आरआरसी के लिए जहां भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण हो गई, वहां गड्डों का निर्माण प्रारम्भ करवाएं। उन्होंने आईएचएचएल, कम्यूनिटी सेनेटरी कॉम्पलेक्स, सीएससी, ऑडीएफ प्लस योजनाओं की भी समीक्षा की।
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरीश चंद मीणा ने निर्देश दिए कि माह के प्रथम गुरुवार ग्राम पंचायत तथा द्वितीय गुरुवार पंचायत समिति मुख्यालय पर जनसुनवाई की जाए। परिवादियों की पूर्ण समस्या सुनकर नियमानुसार तत्काल समाधान की कार्यवाही की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी पंचायत में विभागीय निर्देशों के विपरीत चैक से राशि का भुगतान करते हुए पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान नरेगा एक्सईएन प्रियव्रत सिंह, इंजीनियरिंग एक्सईएन जितेन्द्र कुमार न्याती, परि. अधि. लेखा रामनारायण मीणा, नरेगा लेखाधिकारी शशि कुमार शर्मा, आंतरिक अंकेक्षण लेखाधिकारी चन्द्र प्रकाश, नैनवां के विकास अधिकारी जतन सिंह गुर्जर, केशवराय पाटन के बृजमोहन गुप्ता, बून्दी की जगजीवन सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
