December 14, 2025

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: पहली बार एसीबी की कार्रवाई सीसीटीवी में कैद, बेकरी में पार्षद ने ली घूस, निकलने लगा तो दबोचा

राजस्थान: पहली बार एसीबी की कार्रवाई सीसीटीवी में कैद, बेकरी में पार्षद ने ली घूस, निकलने लगा तो दबोचा

एनसीआई@कोटा

राजस्थान में पहली बार एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के ट्रेप का लाइव वीडियो सामने आया है। कोटा के सुल्तानपुर में सोमवार को एक बेकरी में पार्षद शिवा प्रजापति ने 50 हजार रुपए की रिश्वत ली। वहां पहुंची एसीबी टीम ने इसके तुरंत बाद पार्षद को गिरफ्तार कर लिया। पार्षद के रिश्वत लेने और एसीबी टीम के द्वारा उसे दबोच लेने तक की कार्रवाई का पूरा घटनाक्रम बेकरी में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। कोटा एसीबी की स्पेशल यूनिट ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पूरी कार्रवाई का 5 मिनट 35 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में बेकरी में पार्षद सहित 5 लोग बैठे नजर आ रहे हैं। आरोपी के पास बैठा परिवादी ठेकेदार उसे रिश्वत की राशि देता है, जिसे वह अपने हाथ में पकड़ लेता है। कुछ सेकेंड की बातचीत के बाद दुकान में बैठे 2 युवक बाहर निकल जाते हैं। इसी के ठीक बाद वहां एसीबी की टीम पहुंच गई।

सीसीटीवी फुटेज से लगता है कि आरोपी को अनहोनी का एहसास हो गया था। वह नए लोगों को देखकर बेकरी से उठकर जाने लगा। इतने में ही उसे एसीबी टीम ने पकड़ लिया। फुटेज में आरोपी पार्षद शिवा प्रजापति, एसीबी की टीम से हाथ छुड़ाने की कोशिश करता हुआ भी नजर आ रहा है, मगर इसमें वह सफल नहीं हो पाता है। सीसीटीवी फुटेज में एसीबी की टीम के सामने ही आरोपी पार्षद, परिवादी से गुस्सा होकर बहस करता हुआ नजर आ रहा है।

ठेकेदार से मांगे थे 1 लाख रुपए

गिरफ्तार पार्षद शिव प्रजापति सुल्तानपुर नगरपालिका के वार्ड नम्बर-1 से पार्षद (पूर्व वार्ड पंच) है। सुल्तानपुर पंचायत के नगर पालिका बनने पर वह वार्ड पंच से क्रमोन्नत होकर पार्षद बन गए थे। क्षेत्र में ठेकेदार की ओर से सीसी रोड, नाली का काम करवाया जा रहा था। शिवा प्रजापति काम में अड़ंगा लगाकर ठेकेदार से 1 लाख रुपए मांग रहा था। सौदा 50 हजार में तय हुआ था। इसके बाद आज ACB टीम ने पार्षद को रिश्वत लेते पकड़ा।

पहली किश्त लेने पहुंचा था

एसपी स्पेशल यूनिट विजय स्वर्णकार ने बताया कि परिवादी नगर पालिका का ठेकेदार है। शिकायत सत्यापन में 90 हजार रुपए मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद आज टीम ने ट्रेप की कार्रवाई की। आरोपी पार्षद रिश्वत की पहली किश्त लेने बेकरी पर पहुंचा, परिवादी से रिश्वत ली। इशारा मिलते ही एसीबी की टीम ने पार्षद को पकड़ लिया। उसके पास से रिश्वत के 50 हजार रुपए बरामद हो गए। डीएसपी धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.