पुजारी को नौकरी से निकाला तो सिर तन से जुदा करने की दे डाली धमकी
एनसीआई@भरतपुर
भरतपुर के महारानी जया कॉलेज परिसर में स्थित मंदिर के पुजारी को सिर तन से जुदा करने की धमकी देने के मामले का पुलिस ने दो दिन में खुलासा करते हुए एक दम्पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी दम्पति से हुई पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी दम्पति ने पुजारी को मंदिर से डराकर हटाने की नीयत से यह साजिश रची थी। पुजारी अच्छे से डर जाए इसके लिए उन्होंने उदयपुर के कन्हैयालाल जैसा हाल करने की धमकी देते हुए वहां पत्र चस्पा कर दिया था। पुलिस ने दम्पति के खिलाफ मथुरा गेट थाने में कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि 15 जुलाई को सुबह 6.30 बजे हनुमान मंदिर के पुजारी ताराचंद को मंदिर में एक पत्र चिपका हुआ मिला था। इसमें ताराचंद का सिर तन से जुदा कर देने की धमकी लिखी हुई थी। पत्र में पुजारी से कहा गया था कि या तो मंदिर छोड़ दो नहीं तो 10 दिन बाद आपका कन्हैयालाल की तरह सिर कलम कर दिया जाएगा। पत्र में प्रेषक के रूप में कामां पहाड़ी लिखा हुआ था।
चार महीने पहले आरोपी को मंदिर से हटाया था
इस पर पुजारी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि इस मंदिर के पहले पुजारी मनोज शास्त्री को कॉलेज प्रशासन ने 4 महीने पहले हटाकर ताराचंद को वहां रख लिया था। इस पर पुलिस मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मनोज शास्त्री तक पहुंची। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पूरी सच्चाई सामने आ गई।
पत्नी के साथ मिलकर रचा षड़यंत्र
मनोज शास्त्री से पूछताछ में सामने आया कि मंदिर से हटा दिए जाने से वह पूरी तरह बेरोजगार हो गया था। इसी से वह खफा हो गया था। इस पर उसने नए पुजारी ताराचंद को वहां से हटाने के लिए धमकी भरे पत्र का सहारा लिया, ताकि वह डर कर मंदिर को छोड़ दे और उसे नौकरी वापस मिल जाए। इसके लिए मनोज ने शातिराना अंदाज अपनाते हुए अपनी पत्नी मनीषा से धमकी भरा पत्र लिखवाया, ताकि कोई हैंड राइटिंग ना पहचान सके। पत्नी भी उसकी बातों में आ गई और उसने पत्र लिख दिया।
मुख्य आरोपी को पुलिस ने लिया रिमांड पर
इसमें उदयपुर की घटना का जिक्र इसलिए किया गया था ताकि मामले का रुख उस ओर मोड़ा जा सके। इस पर पुलिस की गहराई से की गई छानबीन में उसकी साजिश का पर्दाफाश हो गया और वह पत्नी सहित पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी मनोज शास्त्री ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया। वहां से पत्नी को जेल भेज दिया गया, जबकि आरोपी मनोज को पूछताछ के लिए पुलिस को रिमांड पर सौंप दिया। पुलिस उससे गहनता से पूछताछ करने में जुटी है।
