राजस्थान: गर्दन काटने आए थे, बाल काटकर भाग गए, पूर्व ग्रंथी बोले- मैं पुजारी नहीं सिख समाज से निकला, इसलिए मारपीट कर छोड़ दिया
एनसीआई@अलवर
राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल की गर्दन काटने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि अलवर के रामगढ़ थाना क्षेत्र के मिलकपुर गांव से अलावड़ा जा रहे गुरुद्वारे के पूर्व ग्रंथी के बाल काटने का मामला सामने आया है। एक विशेष समुदाय के अराजक तत्वों पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप है। इस घटना से सिख समाज के लोगों में खासा आक्रोश है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम देर रात रामगढ़ थाने पहुंचीं और मामले की जानकारी ली। साथ ही शीघ्र जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
रामगढ़ अस्पताल में भर्ती पूर्व ग्रंथी गुरुबख्श सिंह ने बताया कि वह मिलकपुर गांव के रहने वाले हैं। गुरुवार को तबीयत ठीक नहीं लग रही थी तो वह बाइक पर दवाई लेने रामगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनके बाल खींचते हुए साइड में ले गए। आंखों में मिर्च डालकर पट्टी बांध दी और अपने पास बैठा लिया। वह मेरी गर्दन काटने की बात करने लगे। जब मैंने उनसे मारने का कारण पूछा तो उन्होंने कुछ नहीं बताया। बोले कि तुम कौन हो। इस पर मैंने कहा कि मैं गुरुद्वारा का पूर्व ग्रंथि हूं।
मोबाइल पर न मारने का आदेश मिला
गुरुबख्श सिंह ने बताया कि मेरे इतना कहते ही उनमें से एक शख्स मोबाइल फोन पर किसी से बात करने लगा। जिस व्यक्ति से बात कर रहा था, उसका नाम जुम्मा सरपंच था। बात करने के दौरान कई बार उसने जुम्मा भाई का नाम लिया था। जुम्मा की तरफ से उसे कुछ आदेश मिला। इसके बाद उन्होंने गर्दन काटने की बजाय पहले तो मेरे साथ मारपीट की, फिर केश काटकर फरार हो गए।
रामगढ़ अस्पताल में चल रहा इलाज

गुरुबख्श सिंह ने बताया कि चार से पांच बदमाश वहां मौजूद थे। उनके जाने के बाद वह बाइक लेकर वापस गांव पहुंचे और ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और गुरुबक्श को रामगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आनन-फानन में मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया और हमलावरों की तलाश में जुट गई।
सिख समाज ने किया विरोध प्रदर्शन
इस घटना के बाद से सिख समाज गुस्से में है। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पर जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने लगे। वहीं माहौल तनाव पूर्ण देखते हुए भारी पुलिस बल को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है।
