राजस्थान: ज्ञापन देने आई समाज सेवी महिला पर उखड़े मंत्री, कहा-गेट आउट, घर से निकलवाया
महिला का आरोप-पुलिस कर्मियों ने धक्के देकर बाहर निकाला
एनसीआई@दौसा
राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य मंत्री परसादीलाल मीणा के आवास पर रविवार को ज्ञापन देने की बात पर ही जमकर हंगामा हो गया। इस दौरान मंत्री मीणा और समाज सेवी राजेश्वरी मीणा के बीच तकरार हो गई। हंगामा बढ़ने पर मंत्री ने राजेश्वरी मीणा सहित उनके साथ आए अन्य लोगों को भी बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मी को बुला लिया। पुलिसकर्मी ने भी बिना महिला कांस्टेबल के ही समाज सेवी महिला को मंत्री आवास से बाहर निकाल दिया। राजेश्वरी मीणा ने पुलिस पर गम्भीर आरोप लगाए और कहा कि बिना महिला पुलिसकर्मी के ही पुलिसकर्मियों ने उन्हें धक्के देकर बाहर निकाल दिया। उनके साथ अभद्रता की गई।
दरअसल, पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) को लागू करने की मांग को लेकर रविवार को दौसा के खुर्रा गांव से जयपुर के लिए पैदल यात्रा रवाना हुई थी। यह पैदल यात्रा जैसे ही मंडावरी में मंत्री परसादीलाल मीणा के आवास पर पहुंची, तो वहां जमकर हंगामा हो गया। हुआ यूं कि राजेश्वरी मीणा के नेतृत्व में निकाली जा रही इस पैदल यात्रा के दौरान मंत्री परसादीलाल मीणा को ज्ञापन दिया गया। पैदल यात्रा के रूप में ज्ञापन देने पहुंचे लोगों की मांग थी कि ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करवाने के लिए सरकार संशोधित डीपीआर भिजवाए।
मंत्री ने खोया आपा और पुलिस को बुला लिया
पैदल यात्रा के रूप में पहुंचे लोग जब काफी देर तक मंत्री से तकरार करते रहे तो उन्होंने आपा खो दिया और वे खड़े हो गए। इस दौरान उन्होंने समाज सेवी राजेश्वरी मीणा सहित ज्ञापन देने आए लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मी को बुला लिया। इसी के बाद यह सारा घटनाक्रम हुआ।
महिला, मंत्री के जोड़ती रही हाथ
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान राजेश्वरी मंत्री परसादीलाल मीणा के हाथ जोड़ती रही और कहती रही कि उन्हें सिर्फ पानी चाहिए। ऐसे में ईआरसीपी को लेकर राज्य सरकार अपनी कार्रवाई करे और केन्द्र पर दबाव बनाए। इस हंगामे के दौरान मंत्री परसादीलाल मीणा और राजेश्वरी मीणा के बीच जमकर तीखी बहस भी हुई। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ।
