बूंदी: आकस्मिक निरीक्षण में 160 अधिकारी-कर्मचारी मिले गैरहाजिर
एनसीआई@बूंदी
जिले के सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कार्य समय में कार्यालय से अनुपस्थित रहने की प्रवृति पर रोक लगाने के लिए जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के निर्देश पर शुक्रवार को हुए औचक निरीक्षण में 160 अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
जिला कलक्टर के निर्देश पर सुबह 9.40 बजे से 10.30 बजे तक नैनवां, हिंडोली, तालेड़ा व केशवरायपाटन ब्लॉक के राजकीय कार्यालयों में सम्बन्धित उपखंड अधिकारियों द्वारा समय की पाबंदी को लेकर आकस्मिक निरीक्षण किया गया, इसमें कई अधिकारी व कर्मचारी गायब मिले। इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान नैनवां ब्लॉक में 36, हिंडोली में 50, केशवरायपाटन में 43 तथा तालेड़ा ब्लॉक के सरकारी कार्यालयों में 160 अधिकारी व कर्मचारी गैर हाजिर मिले।
नैनवां में बंद मिला कार्यालय
नैनवां में निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कार्यालय तो बंद ही मिला। इस पर उपखंड अधिकारी नैनवां ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अनुपस्थित मानते हुए रिपोर्ट जिला कलक्टर को दी है। वहीं पंचायत समिति हिंडोली व केशवरायपाटन के लगभग सभी कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए।
सहायक निदेशक लोक सेवाएं हेमराज परिडवाल ने बताया कि अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही के लिए प्रकरण उच्च अधिकारियों को भिजवाए जाएंगे। साथ ही कार्यालय में अक्सर देरी से आने वाले कर्मचारियों व कार्यालय समय में गायब रहने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों को चिह्नित कर जिला स्तर से भी कार्यवाही की जाएगी।
